अभिनेता दया शंकर पांडे का जब भी जिक्र होता है तो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के इंस्पेक्टर चालू पांडे या फिर 'महिमा शनिदेव की' के शनि देव का किरदार नजर के सामने घूम जाता है। दया शंकर पांडे का हिंदी सिनेमा में अच्छा खासा नाम रहा है। सिनेमा में भले वह हाशिये पर रहे हों लेकिन अपने प्रशंसकों के लिए वह किसी सुपरस्टार से कम नहीं हैं। 'गुलाम', 'लगान', 'गंगाजल', 'अपहरण', 'राजनीति', 'एक अजनबी' और 'स्वदेस' जैसी कई फिल्मों में आमिर खान, अजय देवगन, अमिताभ बच्चन और संजय दत्त जैसे बड़े सितारों के साथ काम कर चुके दया फिल्म 'स्वदेस' के उस सीन की शूटिंग की चर्चा करते हुए आज भी सिहर जाते हैं जब उन्होंने बजाज मोपेड पर पीछे शाहरुख खान को बिठाकर एकदम से क्लच छोड़ दिया था। 19 नवंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर दया शंकर पांडे ने ‘अमर उजाला’ से ये खास मुलाकात की और बहुत सारी दिचचस्प बातें साझा कीं। आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के जदापुर गांव की पहचान बन चुके दया शंकर पांडे की कहानी, उन्हीं की जुबानी...