चंडीगढ़ पहुंचीं मिस यूनिवर्स हरनाज संधू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सुंदरियों के लिए मुश्किल है डगर बॉलीवुड की?
हरनाज ने पांच सालों तक थिएटर किया है। इसके अलावा वह टीवी की दुनिया में भी दस्तक दे चुकी हैं। इसके बाद भी फिल्मों में अभिनय के लिए उन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा का चुनाव किया है। ऐसा क्यों? सौंदर्य प्रतियोगिता जीतकर आईं सुंदरियों का एक्टिंग की दुनिया में आने का एक इतिहास रहा है। अभिनेत्री नूतन से लेकर जीनत अमान, मीनाक्षी शेषाद्रि, सुष्मिता सेन, ऐश्वर्या राय, लारा दत्ता, प्रियंका चोपड़ा, उर्वशी रौतेला तक, तमाम नाम उंगलियों पर गिने जा सकते हैं। मगर, अब यह ट्रेंड बदलता नजर आ रहा है। हाल ही में मानुषी छिल्लर जरूर फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में नजर आईं। लेकिन, वर्ष 2017 में खिताब जीतने के बाद वर्ष 2022 में पर्दे तक आने में उन्हें भी काफी लंबा वक्त लगा है। इधर ब्रह्मांड सुंदरी हरनाज बॉलीवुड डेब्यू की इच्छा जता देने के बाद भी खाली हाथ बैठी हैं। क्या ब्यूटी पीजेंट विजेताओं के लिए बॉलीवुड के रास्ते काफी मुश्किल हो गए हैं? शायद हरनाज को भी इसका कुछ अंदाजा अब हो चुका है। तभी एक बातचीत में वह कहती नजर आईं, 'मुझे नहीं पता कि क्या होगा, क्योंकि मैं एक ऐसी इंसान हूं, जिसने लाइफ को लेकर कभी प्लान नहीं बनाया, लेकिन अगर मौका मिले तो मैं इसका हिस्सा बनना पसंद करूंगी, क्योंकि यह मेरा सपना रहा है।' देखना दिलचस्प होगा कि बॉलीवुड में उन्हें कब मौके मिलते हैं।