सन् 1984 का वो मंजर, जिसे सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। आज से करीब 37 साल पहले 1 नवंबर 1984 को जब भारत के इतिहास की सबसे भयानक और दर्दनाक घटना घटी थी। 31 अक्टूबर को इंदिरा गांधी के दो सिख बॉडीगार्ड के द्वारा उनकी हत्या किए जाने के बाद देशभर में नरसंहार हुआ था। उनकी हत्या का बदला लेने के बहाने निर्दोष सिखों को पकड़-पकड़कर उनकी हत्या कर दी गई थी, उनके पूरे-पूरे परिवार जिंदा फूंक दिए गए थे। 84 के दंगों की इस दर्द भरी कहानी पर कई बार फिल्मी कैमरा घूम चुका है। हाल ही में दिलजीत दोसांझ की फिल्म जोगी का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में भी सिख दंगों की कहानी दिखाई गई है। इस फिल्म में दिलजीत के अलावा जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा और हितेन तेजवानी लीड रोल में हैं। फिल्म 16 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। वैसे बता दें कि जोगी से पहले भी कई फिल्में सिख दंगों पर बन चुकी हैं।