दुलकर सलमान के प्रशंसकों के लिए निराशा लेकर आया शुक्रवार का दिन आयुष्मान खुराना के प्रशंसकों के लिए संतोष का दिन रहा। दुलकर की गैंगस्टर फिल्म ‘किंग ऑफ कोठा’ तमाम प्रचार प्रसार के बाद भी हिंदी में शुक्रवार को रिलीज नहीं हो पाई। वहीं, फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ अपनी पिछली फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का रिकॉर्ड बेहतर करने में कामयाब रही। आयुष्मान खुराना की इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन दहाई का आंकड़ा पार कर लिया है और ये उनके करियर की अब तक की सबसे ज्यादा ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन चुकी है। फिल्म ‘गदर 2’ के कलेक्शन में भी तीसरे शुक्रवार को भारी गिरावट देखी गई। वहीं, अक्षय कुमार की फिल्म ‘ओएमजी 2’ की सिनेमाघरों से विदाई की तैयारी हो गई है। उधर, रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये की नेट कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है।