अनुराग कश्यप कहां हैं? हिंदी सिनेमा में इन दिनों हर दूसरा फिल्मकार, कलाकार या तकनीशियन सामने पड़ने वाले तीसरे शख्स से यही पूछ रहा है। अनुराग कश्यप के साथ काम करने वाले इस बारे में कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। उनके साथ लंबा रिश्ता रखने वालों से बातें करने पर पता चलता है कि अनुराग की निजी जिंदगी ठीक नहीं चल रही है। कभी दिन रात सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले हिंदी सिनेमा के ‘क्रांतिकारी फिल्ममेकर’ अनुराग ने अपना आखिरी ट्वीट भी 11 नवंबर को किया था। इस बारे में जब ‘अमर उजाला’ ने खोजबीन शुरू की तो इसमें हिंदी सिनेमा के उस सबसे चर्चित ठिकाने में अनुराग को लेकर गंभीर चिंताएं सामने नजर आई, जिसे कभी सिनेमा की सिलिकॉन वैली कहा जाता था, यानी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री का सबसे चर्चित इलाका, आराम नगर।
आराम नगर वन और आराम नगर 2, हिंदी फिल्म जगत में काम पाने की उम्मीद लेकर मुंबई आने वालों का इसे अहम पड़ाव कहा जाता है। ऐसा शायद ही कोई कलाकार आपको मुंबई शहर में मिलेगा जिसने हिंदी सिनेमा में काम करने का सपना देखा हो और वह आराम नगर न आया हो। करीब 300 एकड़ में फैले इस इलाके में कभी शरणार्थी शिविर हुआ करते थे, अब हर गली नुक्कड़ पर फिल्ममेकिंग की कोई न कोई दुकान है। इन अड्डों पर इन दिनों यही चर्चा है कि अनुराग कश्यप कहां हैं? संकरी गलियों और मकड़ी के जाल जैसे फैले रास्तों में बनी झुग्गियों और छोटे घरों में ‘संघर्षशील कलाकार’ यहां तबसे बसने शुरू हुए जब फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ बनाने के दौरान अनुराग ने अपना ठिकाना यहां बनाया।