दो फिल्म निर्माता कंपनियों मडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और डी2आर फिल्म्स के बीच पिछले दो साल से चल रहा झगड़ा अब समाप्त हो गया है। दोनों कंपनियों में वर्ष 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'स्त्री' की कमाई को लेकर आपसी विवाद पैदा हुआ था जिसके बाद इनका यह झगड़ा काफी दिन सुर्खियों में रहा। अब दोनों कंपनियों ने आपसी सहमति से अपने झगड़े का निपटारा कर लिया है।
मडॉक फिल्म्स के मुताबिक, 'दिनेश विजन की कंपनी मडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड और राज निदिमोरू और कृष्णा डीके की सहभागिता से चल रही कंपनी डी2आर फिल्म्स ने आपसी सहमति से अपने बीच पैदा हुए उन विवादों को खत्म कर लिया है जो वर्ष 2018 में अगस्त के महीने में रिलीज हुई फिल्म 'स्त्री' के दौरान पैदा हुए थे। अब इस फिल्म के सभी कॉपीराइट और बौद्धिक संपदा अधिकार पूरी तरह से मडॉक फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व में हैं।'