अपना अलग तरह का सिनेमा बनाने के लिए पहचाने जाने वाले निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी अगली फिल्म 'सर्कस' की शूटिंग बीते सोमवार से शुरू कर दी है। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक रोहित शेट्टी ने अपना पहला शेड्यूल मुंबई स्थित महबूब स्टूडियोज में फिल्म के मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह, पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा के साथ शुरू किया है। देश के मौजूदा माहौल को देखते हुए रोहित ने फिल्म का मुहूर्त बहुत ही शांत माहौल में किया जिससे उनके ऊपर लोगों का ध्यान न जाए। इस फिल्म का शुभारंभ ठीक वैसे हुआ जैसे इस बुधवार को गुपचुप तरीके से शाहरुख खान ने अपनी फिल्म 'पठान' का किया।
कुछ समय पहले रोहित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करके अपने प्रशंसकों को यह जानकारी दी कि वह विलियम शेक्सपियर के लिखे नाटक 'द कॉमेडी ऑफ एरर्स' पर आधारित एक फिल्म 'सर्कस' बनाएंगे। इस नाटक पर आधारित एक फिल्म गुलजार भी बना चुके हैं जिसका शीर्षक 'अंगूर' है। रोहित की फिल्म के लिए मुख्य अभिनेता के रूप में रणवीर सिंह का नाम सामने आया और अभिनेत्री रहेंगी पूजा हेगड़े और जैकलीन फर्नांडिस। फिल्म की शुरुआत में जैकलीन फिलहाल इस शेड्यूल का हिस्सा नहीं बन पाई हैं क्योंकि वह इस समय अपनी फिल्म 'भूत पुलिस' की शूटिंग सैफ अली खान, यामी गौतम और अर्जुन कपूर के साथ धर्मशाला में कर रही है। जल्द ही वह सर्कस की टीम का हिस्सा बनेंगी।