फिल्मी सितारों के बीच राजनीतिक मुद्दों पर ट्विटर पर बहस होना आजकल आम बात हो गई है। ऐसी ट्विटर वॉर अक्सर खबरों का हिस्सा बनती रहती है। ऐसा एक और नाम इसमें जुड़ गया जिसे शायद ही पहले ऐसी बहसों में शामिल होते देखा गया था। गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की बीते गुरुवार को अभिनेत्री कंगना रणौत के साथ ट्विटर पर बहस छिड़ गई, जिसने सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों को दो हिस्सों में बांट दिया। ट्विटर पर दिलजीत दोसांझ और कंगना रणौत ट्रेंड करने लगे। वजह थी, कृषि बिलों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों में शामिल एक बुजुर्ग महिला महिंदर कौर।
विज्ञापन
2 of 15
कंगना रणौत
- फोटो : instagram/kanganaranaut
कंगना रणौत ने कुछ दिनों पहले महिंदर कौर की तस्वीर डालते हुए लिखा था कि टाइम मैंगजीन की 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की लिस्ट में आने वालीं दादी 100 रुपये में किसानों के विरोध प्रदर्शनों के लिए उपलब्ध हैं। कंगना ने ये बात शाहीन बाग विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वालीं बिल्किस बानो के लिए लिखी थी और उन्होंने जो दो तस्वीरें पोस्ट की थीं उनमें से एक महिंदर कौर की थी। बाद में कंगना रणौत ने ये ट्वीट डिलीट कर दिया।
विज्ञापन
3 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
इसके बाद दिलजीत दोसांझ ने बीबीसी का एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया जिसमें महिंदर कौर कंगना रणौत को जवाब दे रही हैं। दिलजीत ने कंगना रणौत को टैग करते हुए उन्हें महिंदर कौर की बात का जवाब देने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच लड़ाई छिड़ गई और वो एक-दूसरे को अपमानजनक शब्दों में बुरा-भला कहने लगे। दोनों ने एक-दूसरे के लिए ‘किसी का पालतू’ होने जैसे शब्द भी इस्तेमाल किए। इसके बाद ट्विटर पर #KanganaRanaut और #DiljitDosanjh टॉप ट्रेंड में आ गए।
4 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
पहली बार ऐसा विवाद
कंगना रणौत लंबे समय से ट्विटर पर बहसों का हिस्सा बनती रही हैं। वो राजनीतिक मुद्दों पर लिखती हैं, कई बार विवादास्पद बयान भी देती हैं और उनकी ट्विटर वॉर जारी रहती है लेकिन, 36 साल के दिलजीत दोसांझ पहली बार इस तरह की चर्चा में आए हैं। अक्सर वो अपने ट्विटर हैंडल पर अपने नए गाने या फिल्म से जुड़े ट्वीट करते हैं। लॉकडाउन के दौरान जब वह मुंबई में फंस गए थे तो उन्होंने अपने खाना बनाने के वीडियो डाले थे।
विज्ञापन
5 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
दिलजीत दोसांझ किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर खासे सक्रिय हैं और उससे जुड़े वीडियो और फोटो डाल रहे हैं। दिलजीत दोसांझ पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना नाम हैं। फैंस उन्हें ‘किंग ऑफ पंजाबी फिल्म्स’ भी कहना पसंद करते हैं। दिलजीत ने बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बॉलीवुड फ़िल्मों में गायिकी से लेकर एक्टिंग तक में हाथ आजमाया है। पिछले साल उनकी ‘गुड न्यूज’ फिल्म आई जिसने अच्छा प्रदर्शन किया था। हाल ही में उनकी ‘सूरज पे मंगल भारी’ फिल्म आई है जो एक कॉमेडी फिल्म है। हिंदी फिल्मों और पंजाबी-हिंदी मिक्स गानों की लोकप्रियता के कारण हिंदी भाषी लोगों के बीच भी उनका खासी पहचान बन चुकी है।
विज्ञापन
6 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
गुरबानी कीर्तन करने वाले दलजीत सिंह
लेकिन, ये पहचान उन्हें ऐसे ही नहीं मिली। गांव के मध्यमवर्गीय परिवार के एक लड़के के लिए फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाना आसान नहीं था। दिलजीत दोसांझ खुद एक किसान परिवार से आते हैं। जैसा कि वह अपने इंटरव्यू में बताते हैं कि उनका बचपन आर्थिक दिक्कतों के बीच गुजरा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया है कि उन्होंने दसवीं तक ही पढ़ाई की और वो आगे पढ़ नहीं पाए। वे पंजाब के जालंधर जिले में दोसांझ गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम बलबीर सिंह और मां का नाम सुखविंदर कौर है। उनका असली नाम दलजीत सिंह है जिसे उन्होंने बाद में बदलकर दिलजीत दोसांझ कर लिया।
विज्ञापन
7 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
दिलजीत को बचपन से गाने का शौक था और वो गुरुद्वारे में गुरबानी कीर्तन किया करते थे। उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि गुरबानी कीर्तन करने वाला लड़का एक दिन पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में छा जाएगा। गुरुद्वारे में आते-जाते लोगों को कहीं ना कहीं उस बच्चे की आवाज भा गई और उसे आगे मौके मिलते गए। धीरे-धीरे दिलजीत दोसांझ के हुनर को पहचान मिली और वो पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री में आए। दिलजीत को उनके फैंस ‘अर्बन पेंडू’ भी बुलाते हैं। अर्बन का हिंदी मतलब शहरी और पेंडू का मतलब पिंड (गांव), यानी उनके फैंस उन्हें शहरी और देहाती का मिश्रण मानते हैं।
8 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
सिंगर से बने एक्टर
अगर आप आज के दिलजीत दोसांझ को जानते हैं तो शायद आप उन्हें उनके पुराने गानों में पहचान भी ना पाएं। उनका स्टाइल से लेकर आत्मविश्वास, अब सब बदला चुका है। हालांकि, इस शोहरत तक पहुंचने का रास्ता संघर्ष से भरा रहा है। अपने शुरुआती करियर में उन्होंने स्टेज शो से लेकर शादी में परफॉर्मेंस भी किए। हालांकि, अब वो कहते हैं कि उन्हें शादी में परफॉर्म करने का समय नहीं मिल पाता है। दिलजीत ने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री से की। उनकी पहली एलबम ‘इश्क दा उड़ा अड़ा’ फाइन टोन कैसेट्स के साथ साल 2004 में आई। तब उनके सफर को एक संतोषजनक पड़ाव मिला और इसी दौरान वो दलजीत से दिलजीत भी हो गए। इसके बाद उन्होंने फाइन टोन के साथ और भी म्यूजिक एलबम बनाईं। उनकी तीसरी एलबम ‘स्माइल’ खासी लोकप्रिय हुई।
9 of 15
गुड न्यूज
- फोटो : फिल्म
साल 2011 में उन्होंने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म ‘द लायन ऑफ़ पंजाब’ थी। हालांकि, फ़िल्म अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन उसका गान ‘लख 28 कुड़ी दा’ काफी पसंद किया गया। इसके बाद दिलजीत ने ‘जिन्हें मेरा दिल लुटया’ फिल्म की जिसने अच्छा बिजनेस किया। अपनी पहली फिल्म की नाकामयाबी से दिलजीत दोसांझ थोड़े निराश हुए थे। उन्होंने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उन्होंने दो फिल्में करने के बाद एक्टिंग ना करने के बारे में सोच लिया था। उन्होंने बताया, “मेरी पहली फिल्म रिलीज होने से पहले ही दूसरी फिल्म शूट हो गई थी। तब मैंने सोचा था कि अब फिल्म नहीं करूंगा, गाने ही ठीक हैं। लेकिन, दूसरी फिल्म हिट हो गई। फिर मुझे लगा कि ये भी ठीक है।”
10 of 15
गुड न्यूज
- फोटो : फिल्म
पगड़ी और हीरो!
इसके बाद दिलजीत ने बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगर के तौर पर प्रवेश किया। उन्होंने ‘तेरे नाल लव हो गया’ फिल्म के लिए गाना गया। फिर उन्होंने और भी फिल्मों के गानों में अपनी आवाज दी। दिलजीत दोसांझ साल 2016 में ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म में अपनी भूमिका के कारण भी चर्चा में आए। इसमें उन्होंने करीना कपूर और शाहिद कपूर जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम किया। उन्होंने अनुष्का शर्मा और सूरज शर्मा के साथ ‘फिल्लोरी’ फिल्म भी की जिसमें वो एक गायक ही बने थे। साल 2018 में उन्होंने ‘सूरमा’ फिल्म में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह का किरदार निभाया था। अपने बॉलीवुड में आने को लेकर दिलजीत कहते हैं कि उनसे ये तक कहा गया था कि पग बांधने वाला बॉलीवुड में हीरो नहीं बन सकता।
11 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : Instagram/ @diljitdosanjh
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “उन्होंने मुझसे कहा था कि पग वालों को बॉलीवुड में हीरो का रोल नहीं मिल पाएगा। मैंने सोचा अगर ऐसा है तो कोई बात नहीं, मैं फिल्म नहीं करूंगा। लेकिन फिर खुद मेरे पास फिल्म का ऑफर आ गया। मैं एक रोल के लिए अपने आप को नहीं बदलूंगा। काम मिले ना मिले। फिल्मों के लिए पगड़ी पहनना नहीं छोड़ सकता। दिलजीत को ऑडिशन देना पसंद नहीं है। वो अपने आपको कम घुलने-मिलने वाला व्यक्ति मानते हैं जो बॉलीवुड पार्टियों में शामिल होने से बचता है। वो इन सभी बातों को अपनी कमजोरी बताते हैं लेकिन वो खुद को बदलना भी नहीं चाहते हैं।
12 of 15
दिलजीत दाेसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
दिलजीत की ‘इंग्लिश-विंग्लिश’
दिलजीत अपने इंटरव्यू में बेहद सहज और शांत नजर आते हैं। वो कई बार सहज भाव से मजाकिया बातें भी बोल देते हैं जो लगता नहीं कोई इंटरव्यू में बोल देगा। दिलजीत कई बार बता चुके हैं कि अंग्रेजी भाषा उनके लिए दूर की कौड़ी है। वो इसे सीखने की कोशिश भी कर चुके हैं लेकिन सफल नहीं हो पाए।
उन्होंने बताया कि कैसे ‘गुड न्यूज’ फिल्म के लिए वोग मैगज़ीन के साथ अंग्रेज़ी के कारण एक इंटरव्यू नहीं कर पाए। दिलजीत बड़े ही दिलचस्प अंदाज में एक इटंरव्यू में बताते हैं, “मैं तो हैरान ही हो गया जब उन्होंने सिर्फ एक फोटोशूट के लिए लंदन बुलाया। फोटोशूट तो कहीं भी हो सकता था। वहां वन टू वन इंटरव्यू था लेकिन अंग्रेजी में। मैं तो चुपचाप साइड होकर निकल लिया।” हालांकि, भाषा का उनके करियर पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। उन्होंने पंजाबी और हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में सफलता ही हासिल की है।
उन्हें जट एंड जूलियट और पंजाब 1984 फिल्मों के लिए पीटीसी पंजाबी फ़िल्म अवॉर्ड्स और उड़ता पंजाब के लिए बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिल चुका है।
13 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
दिलजीत से जुड़े विवाद
सौम्य और शांत दिखने वाला ये गायक और अभिनेता विवादों से अछूता नहीं रहा है। उनके घर के बाहर विरोध प्रदर्शन तक हो चुके हैं। इसी साल जून में दिलजीत दोसांझ तब विवादों में आए थे जब कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू ने उनके गाने 'रंगरूट' और जैजी बी के 'पुत जट्टा दां' पर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि ये गाने खालिस्तानी एजेंडे को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से इन दोनों के ख़िलाफ़ देशद्रोह की शिकायत करने की अपील की थी।
इसके दवाब में दिलजीत दोसांझ ने एक वीडियो जारी कर कहा था, “जिस गाने पर आपत्ति जताई जा रही है, वह साल 2014 की फिल्म 'पंजाब 1984' का है। इस फिल्म और उसके गानों को सेंसर बोर्ड ने मंज़ूरी दी थी। अगर इसमें कोई आपत्तिजनक बात होती तो सेंसर बोर्ड पास क्यों करता? मैं भारत में टैक्स देता हूं और हमेशा भारत के साथ खड़ा हूं।”
14 of 15
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : instagram/diljitdosanjh
इससे पहले दिलजीत दोसांझ अपने एक गाने ’15 साल’ को लेकर विवादों में घिरे थे। ये गाना ‘अर्बन पेंडू’ नाम की उनकी म्यूजिक एलबम का हिस्सा था। उन पर उस गाने में नाबालिग लड़कियों को गलत तरीक़े से पेश करने का आरोप लगा था। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया था और उनसे माफी मांगने के लिए कहा था। इस पर दिलजीत का कहना था कि उनका ये गाना सामाजिक संदेश देता है कि कैसे लड़कियां कम उम्र में ही शराब और नशा करने लगती हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने ‘अर्बन पेंडू’ एलबम को रिलीज ना करने का फैसला लिया लेकिन वो गाना ऑनलाइन रिलीज हो चुका था।
भारतीय मीडिया में आईं खबरों के मुताबिक दिलजीत शादीशुदा हैं और उनका एक बच्चा भी है। हालांकि, कहा जाता है वो अपनी शादीशुदा जिदगी पर बहुत कम बात करते हैं। दिलजीत फिल्म और म्यूजिक दोनों पर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश करते हैं। उन्होंने लॉकडाउन में अपना एक म्यूजिक एलबम ‘जी।ओ।ए।टी (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम)’ रिलीज किया है।
इसके बाद दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “बचपन में मेरी मां हमेशा कहती थी कि बेटा हमारा कोई साइड बिजनेस नहीं है। अगर तुम कोई काम नहीं करोगे तो फिर तुम जिंदगी में बहुत पीछे रह जाओगे। मैंने बहुत गरीबी के दिन देखे हैं। जिंदगी में एक असुरक्षा है कि कहीं चीजें चली ना जाएं और मैं खो ना दूं, जो मुझसे लगातार मेहनत कराती है।”
अब भी दिलजीत कई प्रोजेक्ट्स से जुड़े हुए हैं। नेटफ्लिक्स की एक फिल्म ‘दिल्ली 1984’ की शूटिंग शुरू होने वाली है। ये 1984 के दंगों पर आधारित है। साथ ही निर्देशक शाद अली के साथ एक फिल्म की शूटिंग चल रही है। जल्द ही उनकी एक पंजाबी फिल्म आने वाली है।