बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर अंडरवर्ल्ड की धमकी देने का आरोप लगाया। शर्लिन ने कहा कि उन्होंने मुझे अंडरवर्ल्ड की धमकी देने के बाद अब मानहानि का नोटिस भेजा है, लेकिन मैं डरने वाली नहीं हूं। उन्होंने कहा कि मैं पुलिस से मेरा बयान दर्ज करने का अनुरोध करती हूं ताकि मेरी शिकायत को संज्ञान में लिया जा सके। शर्लिन ने यह भी कहा कि मैं मानसिक प्रताड़ना के लिए 75 करोड़ रुपये मांगने वाले नोटिस का जवाब भी भेज चुकी हूं।
इससे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री शर्लिन चोपड़ा ने एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना के लिए शिकायत दर्ज करवाई थी। अभिनेत्री ने 14 अक्टूबर को जुहू पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले उन्होंने मार्च में दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की थी, जिसे बाद में उन्होंने वापस ले लिया था। मामले में शर्लिन चोपड़ा के वकील, सुहैल शरीफ ने कहा था कि, "दुर्भाग्य से, मानहानि के मुकदमे का इस्तेमाल न्याय और अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने के लिए किया जाता है। वहीं, हाल ही में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने भी शर्लिन चोपड़ा पर मानहानि केस दर्ज किया था।