बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री आलिया भट्ट, एक्टर अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का फैंस बेसब्री से इंजतार कर रहे हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म का मोशन पोस्टर आखिरकार आज रिलीज हो गया है। फिल्म के मोशन पोस्टर की ग्रैंड लॉन्चिंग की गई। इस मोशन पोस्टर को आज नई दिल्ली में त्यागराज स्टेडियम में लॉन्च किया गया। इसके साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई। इस दौरान रणबीर कपूर अपने पिता दिवंगत ऋषि कूपर को याद कर भावुक नजर आए। साथ ही उन्होंने अपने पिता की याद में उनका मशहूर गाना ओम शांति ओम भी गुनगुनाया। फॉक्स स्टार स्टूडियोज, धर्मा प्रोडक्शंस, प्राइम फोकस और स्टारलाईट पिक्चर्स द्वारा निर्मित यह फिल्म अगले साल 09 सितंबर को रिलीज की जाएगी। यह फिल्म 5 भारतीय भाषाओं - हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में उपलब्ध होगी। बीते तीन सालों से बन रही यह फिल्म निर्देशक अयान मुखर्जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। फिल्म को बॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।
ड्रग्स केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को बॉम्बे हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अब आर्यन को हर शुक्रवार NCB के ऑफिस में हाजिरी नहीं लगानी पड़ेगी। हालांकि जब कभी SIT दिल्ली उन्हें समन करेगी, तब उन्हें टीम के सामने 72 घंटे के अंदर पूछताछ के लिए आना पड़ेगा। आर्थर रोड जेल में लगभग 26 दिन बिताने के बाद, आर्यन को 28 अक्तूबर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दे दी और 30 अक्तूबर को उनकी रिहाई हुई। आर्यन को जमानत देते हुए कोर्ट ने 14 शर्तें लगाई हैं, जिनमें से एक यह है कि उन्हें हर शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच एनसीबी कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। हालांकि आर्यन के द्वारा लगाई याचिका पर बुधवार दोपहर को बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। जिसका फैसला आर्यन के पक्ष में आया।
अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने बीते रोज मुंबई के एक पांच सितारा होटल में शादी की। शादी के तुरंत बाद रिसेप्शन पार्टी भी रखी गई थी। रिसेप्शन में जब अंकिता लाल बनारसी साड़ी पहनकर विक्की का हाथ थामे अपने मेहमानों के बीच पहुंचीं तो हर कोई उन्हें देखता ही रह गया। मांग में सिंदूर, बालों में गजरा लगाए वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। अंकिता लोखंडे की रिसेप्शन पार्टी का वीडियो सबका ध्यान खींच रहा है। इसमें विक्की जैन का हाथ थामे मेहमानों के सामने आगे बढ़ती नजर आ रही हैं। और पार्टी में मौजूद मेहमान उनका स्वागत कर रहे हैं। ब्राइडल आउटफिट में अंकिता लोखंडे बेहद खूबसूरत लग रही हैं। इस खास दिन पर उन्होंने मैचिंग ज्वैलरी के साथ गोल्डन कलर का आउटफिट पहना हुआ है।
आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर की फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी' का खुमार उतरने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म ने पांचवे दिन भी बॉक्सऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए 2.18 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं। पहले वीकेंड में इस फिल्म ने 14.53 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब दूसरे हफ्ते में सोमवार और मंगलवार को मिलाकर फिल्म ने अब तक 18.86 करोड़ बटोर लिए हैं। ‘चंडीगढ़ करे आशिकी' (Chandigarh Kare Aashiqui) लव, रोमांस और ड्रामा से भरी हुई है। आयुष्मान अलग जोनर की फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ के निर्माताओं को दर्शकों की तारीफों से फिल्म का कलेक्शन आने वाले दिनों में बढ़ने की उम्मीद है।
अभिनेता जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी आगामी फिल्म अटैक को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का ऑफिसियल टीजर भी जारी कर दिया गया है। इसमें जॉन जबरदस्त एक्शन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में जॉन के साथ जैकलीन फर्नांडिस और रकुल प्रीत सिंह नजर आने वाली हैं। टीजर की शुरुआत गाने से होती है इसके बाद जॉन का एक्शन अवतार देखने को मिलता है। एक्शन और ड्रामा से भरपूर ये फिल्म एक एक्शन ओरिएंटेड वेंचर है। फिल्म की कहानी रेंजर ऑफिसर द्वारा किए गए मिशन पर आधारित है। पहले इस फिल्म को 14 अगस्त 2020 को रिलीज किया जाना था। लेकिन अब यह फिल्म 28 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन लक्ष्य राज आनंद ने किया है। वहीं फिल्म को जॉन अब्राहम ने पैन इंडिया स्टूडियोज और अजय कपूर संग मिलकर को- प्रोड्यूस किया है।
करण जौहर के घर पार्टी करने के बाद करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा कोविड पॉजिटिव पाई गईं। इसके बाद खबर आई कि सोहेल खान की पत्नी सीमा खान और संजय कपूर की पत्नी महीप भी कोविड-19 से संक्रमित हो गई हैं। अब सीमा और सोहेल के 10 साल के बेटे योहान भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। योहान के अलावा सीमा की बहन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पिछले हफ्ते बुधवार को करण जौहर के घर हुई पार्टी में शामिल लोगों में सबसे पहले कोरोना संक्रमण की पहचान अभिनेता सोहैल खान की पत्नी सीमा खान में हुई। सोहेल खान की कंपनी ने हाल ही में रियाद में ‘दी बैंग’ टूर का आयोजन किया था। इस पार्टी में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन न होने की सूचना मिलने पर बीएमसी इस बारे में विधिक कार्रवाई की शुरुआत कर चुकी है। इसी के चलते अभिनेत्री करीना कपूर के घर से किसी भी सदस्य के बाहर जाने या अंदर आने पर रोक लगा दी गई है।
‘अतरंगी रे’ न्यू सॉन्ग ‘गरदा’
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, अभिनेत्री सारा अली खान और एक्टर धनुष स्टारर फिल्म ‘अतरंगी रे’ इन दिनों अपनी रिलीज को लेकर चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का ट्रेलर और इसके गाने लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। इसी क्रम में अब इस फिल्म का एक और गाना रिलीज हो गया है। फिल्म का नया गाना गरदा सामने आ चुका है। यह नया गाना फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार के किरदार पर प्रकाश डाल रहा है। गाने में अभिनेता एक सर्कस में एक जादूगर की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही वह कुछ करतब करते भी दिख रहे हैं। फिल्म का यह नया सॉन्ग दलेर मेहंदी द्वारा गाया गया और लिखा इरशाद कामिल ने है। जबकि इसका संगीत ए आर रहमान द्वारा रचित है।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बिजनेसमैन राज कुंद्रा द्वारा मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ दायर एक अपील पर महाराष्ट्र सरकार से जवाब मांगा। राज कुंद्रा ने उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत खारिज करने के बाद उच्चतम न्यायालय में अपील की थी। दरअसल, बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने इसी साल जुलाई में अश्लील फिल्म बनाने के मामले में गिरफ्तार किया था। मामले में करीब 2 महीने तक जेल में बंद रहने के बाद उन्हें सितंबर में जमानत मिली थी। इसी सिलसिले में राज कुंद्रा की अपील पर सुनवाई करते हुए जस्टिस विनीत सरन और जस्टिस अनिरुद्ध बोस की बेंच ने बुधवार को महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी किया। साथ ही मुंबई पुलिस के साइबर सेल द्वारा दर्ज प्राथमिकी के संबंध में चार हफ्ते के अंदर जवाब भी मांगा है।
धारावाहिक ‘भाबीजी घर पर हैं‘ ने 1700 एपिसोड्स पूरे कर अपनी उपलब्धियों की लंबी लिस्ट में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। इस शो में विभूति नारायण मिश्रा के रूप में आसिफ शेख, अंगूरी भाबी के रूप में शुभांगी अत्रे, मनमोहन तिवारी के रूप में रोहिताश्व गौड़, अनीता भाबी के रूप में नेहा पेंडसे, सक्सेना के रूप में सानंद वर्मा, रूसा के रूप में चारूल मलिक, टीका के रूप में वैभव माथुर, मलखान के रूप में दीपेश भान और टिल्लू के रूप में सैयद सलीम जैदी जैसे कई मशहूर कलाकार काम कर रहे हैं। शो अपने विचित्र किरदारों, मजेदार संवादों और एक-दूसरे की बीवियों का दिल जीतने के लिये मिश्रा एवं तिवारी के बीच जारी नोंक-झोंक के कारण भारतीय टेलीविजन पर काफी चर्चित रहा है।
फिल्ममेकर करण जौहर ने बुधवार को कहा कि उनका घर कोविड-19 का हॉटस्पॉट नहीं है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर बताया कि उनके घर के सभी सदस्यों का कोविड-19 टेस्ट निगेटिव आया है। करण जौहर ने उनके घर को कोविड-19 का हॉटस्पॉट बताने वाली खबरों पर अपना स्पष्टीकरण दिया और कहा कि 8 लोगों की 'अंतरंग सभा' एक पार्टी नहीं है। दरअसल, एक्ट्रेस करीना कपूर, अमृता अरोड़ा, महीप कपूर और सीमा खान फिल्मेकर करण जौहर के घर हुई पार्टी में शामिल हुए थे, जिसके बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद, करण जौहर की पार्टी सुर्खियों में आ गई थी और उनको इसके लिए सोशल मीडिया ट्रोलिंग और आलोचना का शिकार होना पड़ा था। उनकी पार्टी में शामिल चार लोगों को कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी करण जौहर को आड़े हाथ लिया था और जमकर ट्रोल किया था। इसके बाद अब उन्होंने इस बारे में अपनी सफाई दी है।