निर्देशक अयान मुखर्जी ने हिंदी सिनेमा में सिर्फ दो फिल्में बनाई हैं। लेकिन, उनकी ये दोनों फिल्में ही उनके सिनेमा की पहचान भी हैं। वह परंपराओं को आधुनिकता से मिलाने वाले फिल्मकार रहे हैं और उनकी अगली फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' भी इसी कड़ी को आगे बढ़ाने वाली फिल्म है, बस इस बार कहानी का स्तर अलौकिक भी है और पारलौकिक भी। मुंबई के एक सिनेमाघर में सोमवार को देश भर के चुनिंदा पत्रकारों के बीच फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की जिस पहली झलक से अयान ने फिल्म की हीरोइन आलिया भट्ट की मौजूदगी में परदा उठाया, वह विस्मयकारी है। हजारों साल पुरानी पौराणिक कथाओं में तलाशे बीज पर अयान ने अपनी कल्पना से अतीत और वर्तमान का पुल बनाया है। इसकी पहली कहानी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' की पहली कड़ी है, जिसमें रणबीर दिखेंगे शिव के अंश के रूप में और आलिया धरेंगी रूप इहा का। अगले साल 9 सितंबर को रिलीज हो रही ये फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में भी एक साथ रिलीज होगी। फिल्म को थ्रीडी में रिलीज करने की योजना है।