बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर और अभिनेत्री आलिया भट्ट, एक्टर अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का फैंस बेसब्री से इंजतार कर रहे हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म का मोशन पोस्टर आखिरकार आज रिलीज हो गया है। फिल्म के मोशन पोस्टर की ग्रैंड लॉन्चिंग की गई। इस मोशन पोस्टर को आज नई दिल्ली में त्यागराज स्टेडियम में लॉन्च किया गया। इसके साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई। इस दौरान रणबीर कपूर अपने पिता दिवंगत ऋषि कूपर को याद कर भावुक नजर आए। साथ ही उन्होंने अपने पिता की याद में उनका मशहूर गाना ओम शांति ओम भी गुनगुनाया।
फॉक्स स्टार स्टूडियोज, धर्मा प्रोडक्शंस, प्राइम फोकस और स्टारलाईट पिक्चर्स द्वारा निर्मित यह फिल्म अगले साल 09 सितंबर को रिलीज की जाएगी। यह फिल्म 5 भारतीय भाषाओं - हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में उपलब्ध होगी। बीते तीन सालों से बन रही यह फिल्म निर्देशक अयान मुखर्जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। फिल्म को बॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है।