आज (30 जुलाई) राज्यसभा में भी तीन तलाक का बिल पास हो गया है। ऐसे में अब इसके कानून बनने के लिए सिर्फ राष्ट्रपति की मंजूरी बाकी है। दरअसल तीन तलाक का मुद्दा नया नहीं हैं। ऐसे में बॉलीवुड में भी इस मुद्दे पर फिल्म के माध्यम से ध्यान आकर्षित किया गया है। एक नजर उन फिल्मों पर जिनमें दिखाया गया है तीन तलाक का मुद्दा...
निकाह
1982 में रिलीज हुई फिल्म निकाह तीन तलाक के मुद्दे पर ही आधारित है। बता दें कि इस फिल्म का नाम पहले 'तलाक तलाक तलाक' रखा गया था। लेकिन बाद में उसे बदल दिया गया। दरअसल बीआर चोपड़ा ने इस फिल्म के नाम बदलने के पीछे वजह बताई थी कि अगर किसी मुस्लिम शख्स ने अपनी पत्नी से बात करते हुए इस फिल्म का नाम तक अपने जुबां से लिया तो उसका तलाक हो जाएगा। यानी अगर बीवी ने पूछा कि कौनसी फिल्म देखने जा रहे हो, तो पति कहेगा- तलाक तलाक तलाक, ऐसे में शरीयत के मुताबिक न जाने कितने लोगों का तलाक हो जाएगा। इसके बाद ही फिल्म का नाम निकाह रखा गया था। बता दें कि फिल्म में राज बब्बर, दीपक पाराशर और सलमा आगा लीड रोल में नजर आए थे।