फिल्मी दुनिया से जुड़े कई सितारे राजनीति में उतर चुके हैं। इस लिस्ट में बॉलीवुड स्टार्स के साथ-साथ साउथ और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल के बीच अब भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की ‘क्वीन’ रानी चटर्जी ने राजनीति में कदम रखते हुए अपनी नई पारी शुरू की है। रानी चटर्जी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गई हैं और इस बात की जानकारी खुद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर दी है, जिसके बाद से ही रानी चटर्जी को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
रानी चटर्जी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह प्रियंका गांधी के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में रानी चटर्जी ने अपने हाथ में पिंक कलर का एक बैग भी पकड़ा हुआ है, जिस पर लिखा है, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ ये वही नारा है, जिसके सहारे ही प्रियंका गांधी अपने विरोधियों पर जमकर हमला बोल रही हैं।