सोशल मीडिया एक बड़ा बाजार बन चुका है। बॉलीवुड सितारे, क्रिकेटर या फिर अन्य इन्फ्लुएंसर हों, सोशल मीडिया पर ब्रांड्स का प्रचार करते नजर आते हैं और कई बार वह इसके जरिए लाखों-करोड़ों रुपये तक कमाते हैं। इंस्टाग्राम हो, यूट्यूब चैनल हो या फिर सोशल मीडिया के अन्य माध्यम, इन्फ्लुएंसर्स अपने ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़ाना चाहते हैं जिससे ब्रांड्स उनके पास आएं और वह उन उत्पादों का प्रचार करें। अब यहां उपभोक्ताओं के साथ धोखा तब हो जाता है जब इन्फ्लुएंसर्स केवल पैसे की वजह से उस उत्पाद का प्रचार करते हुए दिखाई देते हैं। उपभोक्ताओं की परेशानी को समझते हुए एडवरटाइजिंग स्टैंडर्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI) ने सेल्फ रेगुलेशन बढ़ाने के लिए ड्राफ्ट गाइडलाइन जारी कर दी है।