आर्यन खान
- फोटो : सोशल मीडिया
समीर वानखेड़े की हिंदी फिल्म जगत में काफी धमक रही है। उनकी दूसरी पत्नी क्रांति रेडेकर भी अभिनेत्री रह चुकी हैं। समीर वानखेड़े के अपनी पहचान छुपाकर आईआरएस बनने का जो आरोप महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने सोमवार को लगाया है, उसकी हलचल मुंबई फिल्म जगत में सबसे ज्यादा है। इससे पहले प्रभाकर के हलफनामे में शाहरुख खान से वसूली करने की कोशिश की जो बात कही गई है, उससे भी ये पूरा मामला एनसीबी के लिए ‘सेल्फगोल’ जैसा होता दिख रहा है। गौरतलब है कि एनसीबी ने जब दीपिका पादुकोण को ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था, उसी दौरान हिंदी फिल्म जगत के कुछ दिग्गजों ने देश के कुछ नामी वकीलों से इस मामले में पैरवी कराने का मन बनाया था लेकिन तब दीपिका ने अपनी लड़ाई खुद लड़ने की दुहाई देकर पूरे मामले को ज्यादा तूल नहीं लेने दिया था। अब शाहरुख खान भी वही तरीका अपना रहे हैं। वह बेचैन हैं। परेशान हैं और अपनी फिल्मों की शूटिंग भी रोक चुके हैं। लेकिन, उनके करीबी बताते हैं कि वह हार मानने वालों में से नहीं हैं।