फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Arjun Rampal: 10 अलग अलग फिल्में, 10 प्रतिभाशाली निर्देशक, 10 किरदार, लेकिन नतीजा सबका एक सा, आखिर क्यों..?

Wed, 21 Feb 2024 10:45 AM IST
आकांक्षा गुप्ता अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

सार

उनकी सिनेमाघरों में रिलीज पिछली 10 फिल्मों पर नजर डालें तो कहानी थोड़ी संगीन किस्म की नजर आती है। ज्यादा गंभीर मामला ये भी है कि इन सभी 10 फिल्मों के 10 निर्देशकों का करियर भी इन फिल्मों के बाद संकट में पड़ गया।
विज्ञापन
1 of 11
अर्जुन रामपाल - फोटो : अमर उजाला
अभिनेता अर्जुन रामपाल को लेकर हिंदी सिनेमा में जिस गाने की चर्चा खूब होती है, वह गाना है, कहीं पे निगाहें, कहीं पे निशाना..! ये गाना अर्जुन नाम वाले इस अभिनेता के साथ कब और कैसे जुड़ा, उसका एक अलग ही दिलचस्प किस्सा है, लेकिन कम लोगों को ही पता होगा कि वह इन दिनों मुंबई छोड़कर गोवा जा बसे हैं। इस हफ्ते अर्जुन रामपाल की नई फिल्म 'क्रैक जीतेगा तो जिएगा' रिलीज हो रही हैं, जिसमें वह विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। उनकी सिनेमाघरों में रिलीज पिछली 10 फिल्मों पर नजर डालें तो कहानी थोड़ी संगीन किस्म की नजर आती है। ज्यादा गंभीर मामला ये भी है कि इन सभी 10 फिल्मों के 10 निर्देशकों का करियर भी इन फिल्मों के बाद संकट में पड़ गया। अर्जुन के नाम की चमक बॉक्स ऑफिस पर कितनी कायम है, आइए देखते हैं..
विज्ञापन

2 of 11
धाकड़ - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

धाकड़ (20 मई 2022) 

फिल्म 'धाकड़' से अभिनेत्री कंगना रनौत को बहुत ही उम्मीदें रहीं और वह इस फिल्म को अपने करियर की सबसे बेहतरीन फिल्म बताती भी रहीं, लेकिन यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और कंगना रनौत की इस फिल्म ने दर्शकों को काफी निराश किया। अगर यह फिल्म सफल होती तो जाहिर है कि फिल्म में रुद्रवीर की भूमिका निभा रहे अभिनेता अर्जुन रामपाल को भी फायदा होता। रजनीश घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण  दीपक मुकुट और सोहेल मकलाई ने किया था। 85 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 2.58 करोड़ रुपये रहा।  

विज्ञापन

3 of 11
पलटन - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

पलटन (7 सितंबर 2018) 

कंगना रनौत से पहले निर्माता-निर्देशक जे पी दत्ता ने भी फिल्म 'पलटन' में अर्जुन पर दांव लगाया था। साल 1967 में सिक्किम सीमा पर नाथू ला और चो ला के क्षेत्रों में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़पों पर आधारित इस फिल्म में जैकी श्रॉफ, अर्जुन रामपाल, सोनू सूद, हर्षवर्धन राणे की मुख्य भूमिकाएं थी। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने  लेफ्टिनेंट कर्नल राय सिंह यादव की भूमिका निभाई थी। जानकारी के मुताबिक 14 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 7.20 करोड़ रूपये रहा।

4 of 11
डैडी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

डैडी (8 सितंबर 2017)

फिल्म 'डैडी' गैंगस्टर से नेता बने अरुण गवली की के जीवन पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने अरुण गवली की भूमिका निभाई। फिल्म का निर्माण अर्जुन रामपाल ने रुत्विज पटेल के साथ मिलकर और फिल्म की कहानी भी अर्जुन रामपाल ने फिल्म के निर्देशक आशिम अहलूवालिया के साथ मिलकर लिखी। जानकारी के मुताबिक करीब 21 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन महज 8.10 करोड़ रुपये रहा।

विज्ञापन

5 of 11
कहानी 2: दुर्गा रानी सिंह - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

कहानी 2: दुर्गा रानी सिंह (2 दिसंबर 2016) 

निर्देशक सुजॉय घोष की फिल्म 'कहानी 2: दुर्गा रानी सिंह' साल 2012 में रिलीज फिल्म 'कहानी' की अगली कड़ी के रूप में रिलीज हुई, हालांकि दोनों कहानियों के बीच कोई सूत्र नहीं है। फिल्म में अर्जुन रामपाल ने दुर्गा के पति उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह की भूमिका निभाई। इस फिल्म का निर्माण सुजॉय घोष ने कुशल गाडा के साथ मिलकर किया। जानकारी के मुताबिक करीब 25 करोड़ रुपये  के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 33.03 करोड़ रुपये रहा। अर्जुन की बीती 10 फिल्मों में बस यही एक फिल्म है जिसका घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन इसके मेकिंग बजट से ज्यादा रहा।

विज्ञापन

6 of 11
रॉक ऑन 2 - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

रॉक ऑन 2 (11 नवंबर 2016) 

फिल्म 'रॉक ऑन 2' म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने  एक रियलिटी शो जज और क्लब मालिक जोसेफ 'जो' मैक्सरेहान की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल के अलावा फरहान अख्तर, श्रद्धा कपूर, पूरब कोहली, प्राची देसाई और शशांक अरोड़ा की मुख्य भूमिकाएं थी। शुजात सौदागर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने किया था। बताते हैं कि 45 करोड़ रुपये  के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 10.47 करोड़ रुपये रहा। 

विज्ञापन

7 of 11
रॉय - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

रॉय (13 फरवरी 2015) 

इन दिनों ‘एनिमल’ की सफलता से प्रफुल्लित अभिनेता रणबीर कपूर की फ्लॉप फिल्मों में फिल्म 'रॉय' की गिनती इसलिए भी होती है क्योंकि ये फिल्म अपने संगीत के कारण खूब चर्चा में रही। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने कबीर ग्रेवाल की भूमिका निभाई थी जो रॉय की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर के असली उद्देश्य को ढूंढने में मदद करता है। नवोदित विक्रमजीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट 50 करोड़ रुपये और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका कलेक्शन 44.52 करोड़ रुपये बताया जाता है।

8 of 11
सत्याग्रह - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

सत्याग्रह (30 अगस्त 2013) 

निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा की फिल्म 'सत्याग्रह' में अर्जुन रामपाल ने अर्जुन की भूमिका निभाई जिसकी सियासी महत्वाकांक्षाएं हैं। अमिताभ बच्चन इस फिल्म में द्वारिका आनंद की भूमिका में हैं और अर्जुन उनके शिष्य बने हैं। फिल्म में अजय देवगन, करीना कपूर खान, अमृता राव, मनोज बाजपेयी की मुख्य भूमिकाएं रहीं और 73 करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन महज 63.74 करोड़ रूपये रहा है। फिल्म ने अर्जुन रामपाल के साथ साथ प्रकाश झा की भी ब्रांड वैल्यू को तगड़ा नुकसान पहुंचाया।

9 of 11
डी डे - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

डी डे (19 जुलाई 2013) 

फिल्म 'डी डे' अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से प्रेरित काल्पनिक किरदार इकबाल सेठ उर्फ गोल्डमैन पर आधारित थी, जिसमें इकबाल सेठ उर्फ गोल्डमैन की भूमिका दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर ने निभाई। इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने एक निलंबित सेना अधिकारी रूद्र प्रताप सिंह की भूमिका निभाई थी। निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इरफान खान, हुमा कुरेशी और श्रुति हासन भी मुख्य भूमिकाओं में दिखे। जानकारी के मुताबिक 36 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 24 करोड़ रूपये रहा। 

10 of 11
इंकार - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

इंकार (18 जनवरी 2013)

निर्देशक सुधीर मिश्रा की फिल्म 'इंकार' की कहानी फिल्म एक विज्ञापन एजेंसी के सीईओ राहुल वर्मा और माया लूथरा के इर्द-गिर्द घूमती हैं। माया लूथरा एक गलतफहमी की वजह से राहुल वर्मा के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज करा देती है। इस फिल्म में राहुल वर्मा की भूमिका अर्जुन रामपाल और माया लूथरा की भूमिका चित्रांगदा सिंह ने निभाई है। फिल्म का निर्माण वायकॉम18 मोशन पिक्चर्स के बैनर तहत किया गया। 14 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 9.5 करोड़ रुपये रहा।   

विज्ञापन

11 of 11
अजब गजब लव - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

अजब गजब लव (26 अक्टूबर  2012) 

फिल्म 'अजब गजब लव' एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है। संजय गढ़वी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन रामपाल दोहरी भूमिकाओं में दिखे। फिल्म में अर्जुन रामपाल के अलावा जैकी भगनानी, निधि सुब्बैया, दर्शन जरीवाला और किरण खेर की मुख्य भूमिकाएं थी जबकि अरशद वारसी एक कैमियो में नजर आए। फिल्म का निर्माण वाशु भगनानी ने किया। 29 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 6.96 करोड़ रुपये रहा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें