आदित्य रॉय कपूर, दिशा पाटनी, अनिल कपूर स्टारर फिल्म मलंग का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है। फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी ने किया है। फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट मुंबई के एक सिनेमाघर में हुआ, जहां जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय( जेएनयू) में हुई हिंसा चर्चा में रही। फिल्म की कास्ट के साथ ही साथ निर्माता भूषण कुमार और लव रंजन की मौजूदगी में मीडिया द्वारा जेएनयू में हुई हिंसा पर सवाल किया गया। इस घटना की सभी ने एक सुर में आलोचना की। इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल कपूर ने कहा, 'यह काफी दुखद और खेदजनक है। इस घटना की हम सभी कड़े शब्दों में आलोचना करते हैं। कल रात जब से मुझे इस बारे में पता चला है मैं आश्चर्य चकित हूं। आखिर यह सब क्या चल रहा है? इस घटना से मैं इस हद तक प्रभावित हुआ हूं कि रात भर सो नहीं पाया हूं। इस घटना के पीछे जो लोग भी जिम्मेदार हैं उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'