साल 2014 में मिस इंडिया अर्थ (Miss India Earth) का खिताब जीत चुकीं मॉडल-एक्ट्रेस अलंकृता सहाय (Alankrita Sahai) अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, अलंकृता सहाय को अपने करियर में खराब अनुभव का सामना करना पड़ा है। एक फिल्म प्रोड्यूसर ने उनके साथ खराब व्यवहार किया और उनपर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की है। अलंकृता सहाय एक पंजाबी फिल्म के लिए काम कर रही थीं। इस फिल्म का नाम 'Fuffad Ji' है लेकिन खराब परिस्थितियों के चलते उन्होंने इस फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया है।
प्रोड्यूसर ने किया दुर्व्यवहार
प्रोड्यूसर की ओर से खराब व्यवहार दिखाने पर अलंकृता सहाय ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया, 'फिल्म की पूरी टीम अच्छी थी लेकिन प्रोड्यूसर्स में से एक गैर-पेशेवर और अनैतिक था और मैं पंजाब पहली बार नहीं गई थी। मैंने अब तक कई प्रोड्यूसर्स और लोगों के साथ काम किया है, और सभी के साथ अच्छा अनुभव रहा है। लेकिन ऐसा अनुभव मैंने पहले कभी नहीं लिया था।'