एस एस राजामौली निर्देशित ‘बाहुबली’ सीरीज की दोनों फिल्मों से दुनिया भर में नाम, दाम और सम्मान पाने वाले तेलुगु अभिनेता प्रभास की लगातार तीन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ाने के बाद उनके अखिल भारतीय सुपरस्टार होने पर सवालिया निशान लग गया है। उनकी ब्रांड इमेज को सबसे तगड़ी चोट उनकी ताजा फिल्म ‘आदिपुरुष’ ने पहुंचाई है जो रिलीज के 10 दिन बाद भी 300 करोड़ रुपये के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। चौंकाने वाली बात ये भी कि फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन जहां हिंदी से ज्यादा तेलुगू में था, वहीं सबसे ज्यादा गिरावट भी फिल्म ‘आदिपुरुष’ को तेलुगू संस्करण में ही देखने को मिली।