जिस तरह रामानंद सागर की 'रामायण' और उसके कलाकार मशहूर हो गए थे, उसी तरह बी.आर.चोपड़ा की 'महाभारत' भी हिट हो गई थी। उसमें काम करने वाले कलाकार भी असल जिंदगी में किरदारों के नाम से ही जाने जाने लगे जैसे कि 'कृष्ण' नीतीश भारद्वाज। आज हम आपको उस एक्ट्रेस के बारे में बताएंगे जिसने कृष्ण को जन्म देने वाली मां यानी देवकी का किरदार निभाया था।
शीला शर्मा ने वैसे तो हिंदी और गुजराती फिल्मों में भी काम किया है । नदिया के पार (1982), हम साथ साथ हैं और चोरी चोरी चुपके चुपके जैसी फिल्मों में वह नजर आ चुकी हैं। शीला की पहली फिल्म 1982 में आई 'सुन सजना' थी लेकिन पहचान उन्हें उसी साल रिलीज हुई फिल्म 'नदिया के पार' से मिली थी। ऐसे तो शीला शर्मा ने कई फिल्मों और सीरियल में काम किया था लेकिन 'महाभारत' में देवकी के किरदार से उन्हें घर-घर में पहचान मिल गई थी। इतना ही नहीं उन्होंने एक बार एक इंटरव्यू में बताया था कि दिल्ली में एक शख्स ने उनके सिर्फ इसलिए पैर छू लिए थे क्योंकि उन्होंने देवकी का किरदार निभाया था।