फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'जानी'... इन 10 दमदार किरदारों को पढ़ोगे तो जान पाओगे कि क्या हस्ती थे राजकुमार

Wed, 03 Jul 2019 07:58 AM IST
shrilata biswas मुंबई डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
1 of 11
Raaj Kumar
साधारण सा दुबला पतला इंसान, रोमांस करना भी ठीक से न आता हो और फिर भी परदे पर आए तो सीटियां, तालियां और सिक्कों की बौछार हो जाए। जी हां, हर दिल अजीज राजकुमार जब परदे पर आते थे तो ऐसा ही होता था। उनकी खास तरह की संवाद अदायगी ने राजकुमार को दशकों तक हिंदी सिनेमा का दुलारा बनाए रखा। मुंबई पुलिस की नौकरी छोड़ एक्टिंग के मैदान में उतरे बलूचिस्तान के इस नौजवान के बोले संवाद आज भी लोगों को जुबानी याद हैं। राजकुमार की पुण्यतिथि पर आइए आपको बताते हैं उनकी 10 दमदार फिल्मों के बारे में।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
मदर इंडिया
ऑस्कर पुरस्कार के लिए जाने वाली देश की पहली फिल्म मदर इंडिया में राजकुमार ने राधा (नरगिस) के पति शामू का किरदार निभाया। महबूब खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आज भी हिंदी सिनेमा की सबसे अच्छी फिल्मों में गिना जाता है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और 1957 में इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा की फिल्म के तौर पर ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नामित किया गया। फिल्म में राजकुमार के साथ नरगिस, सुनील दत्त, और राजेन्द्र  कुमार मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में राजकुमार की भूमिका छोटी पर अत्यंत महत्वपूर्ण थी। राजकुमार ने इस भूमिका को बखूबी अंजाम दिया। 
विज्ञापन

3 of 11
raaj kumar - फोटो : file photo
पैगाम 
एस.एस. वासन के निर्देशन में बनी फिल्म पैगाम में राजकुमार और दिलीप कुमार ने पहली बार एक साथ काम किया। इस फिल्म में राजकुमार और दिलीप कुमार के अलावा वैजयंती माला, सरोजा देवी और जॉनी वॉकर मुख्य किरदार निभा रहे थे। राजकुमार और दिलीप कुमार ने राम लाल और रतन लाल नामक भाइयों के किरदार निभाए। राजकुमार ने इस किरदार से हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय की एक खास छाप छोड़ी। इस फिल्म में उम्दा अभिनय के लिए राजकुमार को फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के पुरस्कार के लिए नामित भी किया गया।

4 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
दिल एक मंदिर
सी वी श्रीधर के निर्देशन में बनी फिल्म दिल एक मंदिर में राजकुमार, मीना कुमारी और राजेंद्र कुमार मुख्य किरदार निभा रहे थे। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में राजकुमार ने राम नाम के एक कैंसर पीड़ित का किरदार निभाया। शंकर जयकिशन के संगीत से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर साल 1963 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही। इस फिल्म के लिए राजकुमार को फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के खिताब से नवाजा गया। इस फिल्म का ‘नेजिल ऑर अलायम’ नाम से तमिल रीमेक भी बना।
विज्ञापन

5 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
वक्त
हिंदी सिनेमा में मल्टीस्टारर फिल्मों की शुरुआत वक्त से होती है। सुनील दत्त, राजकुमार, शशि कपूर, साधना, बलराज साहनी, मदन पुरी, शर्मीला टैगोर, और अचला सचदेव जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को यश चोपड़ा ने निर्देशित किया। 1965 में बनी यह फिल्म साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। फिल्म में राजकुमार का डायलॉग ‘ये बच्चों के खेलने की चीज नहीं, हाथ कट जाए तो खून निकल आता है’ काफी प्रसिद्ध हुआ। फिल्म में राजकुमार के हिस्से कई बेहतरीन संवाद आए। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार दिया गया। फिल्म का सबसे मशहूर संवाद रहा, 'चिनॉय सेठ, जिनके अपने घर शीशे के हो, वे दूसरों पर पत्थर नही फेंका करते।'
विज्ञापन

6 of 11
raaj kumar - फोटो : file photo
काजल 
गुलशन नंदा के उपन्यास माधवी पर आधारित फिल्म ‘काजल’ को राम महेश्वरी ने निर्देशित किया। इस फिल्म में राज कुमार, धर्मेंद्र और मीना कुमारी मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में केदार शर्मा के लिखे गए संवादों से राजकुमार एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर छा गए। काजल एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई और साल 1965 की दसवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही। इस फिल्म में दमदार अदाकारी के लिए राजकुमार को फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर और फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के पुरस्कार के लिए नामित भी किया गया।
विज्ञापन

7 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
नीलकमल 
राम महेश्वरी के ही निर्देशन में बनी फिल्म नीलकमल में राजकुमार चित्रसेन नामक एक कलाकार की भूमिका में नजर आए। वहीदा रहमान, मनोज कुमार और राजकुमार जैसे सितारों से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट फिल्म साबित हुई और इस साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही। इस फिल्म में सभी कलाकारों ने उम्दा अभिनय किया और राजकुमार को उनकी शानदार अदाकारी के लिए राजकुमार को एक बार फिर फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के पुरस्कार के लिए नामित किया गया। 

8 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
पाकीजा
1972 में रिलीज हुई इस फिल्म को निर्देशक कमाल अमरोही अपनी पत्नी मीना कुमारी के लिए ताजमहल की तरह एक खास उपहार के तौर पर बनाया था। यह फिल्म मीना कुमारी की आखिरी फिल्म रही। फिल्म के शुरुआती दौर में राजकुमार की जगह संजीव कुमार को लिया गया था। फिल्म के पूरा होने में लगभग 16 साल का वक्त लगा तो संजीव कुमार की उम्र किरदार के हिसाब से ज्यादा हो गई और सलीम के किरदार के लिए राजकुमार का नाम तय किया गया। राजकुमार ने कमाल अमरोही के इस निर्णय को सही साबित किया और इस किरदार को बखूबी निभाया। फिल्म में राजकुमार का बोला गया डायलॉग, 'चलो यहां ये दलदल पर कोहरे से बनी हवेली है, जो किसी को पनाह नही दे सकती' बहुत मशहूर हुआ।

9 of 11
bollywood flashback raaj kumar
बुलंदी
इस्माइल श्रॉफ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार ने प्रोफेसर सतीश खुराना का किरदार निभाया। राजकुमार के साथ-साथ डैनी डेंजोंग्पा, आशा पारेख, कादर खान और राज किरण इस फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहे थे। प्रोफेसर खुराना के किरदार में राजकुमार एक बार फिर अपने दमदार डायलॉग और शानदार अभिनय की बदौलत दर्शकों की तालियां बटोरने में कामयाब रहे। फिल्म का उनका सबसे हिट डायलॉग रहा, 'हमको मिटा सके, ये जमाने में दम नही। हमसे जमाना खुद है, जमाने से हम नहीं।'

10 of 11
Raaj Kumar - फोटो : file photo
सौदागर
निर्देशन सुभाष घई की इस फिल्म में बचपन के दो दोस्तों वीरू-राजू उर्फ वीर सिंह और राजेश्वर सिंह का किरदार निभा रहे दिलीप कुमार और राज कुमार ने एक बार फिर इस फिल्म में शानदार अभिनय किया। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल के संगीत से सजी इस फिल्म के लिए सुभाष घई को उनके जीवन का एकमात्र फिल्मफेयर बेस्ट डायरेक्टर पुरस्कार मिला। फिल्म में राजकुमार ने कई शानदार डायलॉग बोले, लेकिन सबसे हिट डॉयलॉग रहा, 'जॉनी हम तुम्हे मारेंगे, और जरूर मारेंगे लेकिन वो बंदूक हमारी होगी, गोली भी हमारी होगी और वक्त भी हमारा होगा।'
विज्ञापन

11 of 11
bollywood flashback raaj kumar
तिरंगा
साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म तिरंगा में ब्रिगेडियर सूर्यदेव सिंह का डायलॉग 'जॉनी हम आंखों से सुरमा नहीं, आंखें ही चुरा लेते हैं' भला कौन भूल सकता है। इस फिल्म में राजकुमार ने इस जैसे कई और डायलॉग बोले जो कि आज भी लोगों के जेहन में बरकरार है। मेहुल कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राजकुमार के साथ नाना पाटेकर, ममता कुलकर्णी, दीपक शिर्के और मनोहर सिंह मुख्य भूमिका में थे। तिरंगा 1993 की एक ब्ल़ॉकबस्टर फिल्म रही और आज भी काफी लोकप्रिय है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें