हिंदी सिनेमा में अपनी अलग बिंदास छवि के लिए चर्चित रहे आमिर खान का करिश्मा धीरे धीरे उतरने लगा है। बीते दो दिन से उनका नाम फिल्म ‘दंगल’ में उनकी साथी कलाकार रहीं फातिमा सना शेख के साथ जिस तरह से जोड़कर सोशल मीडिया पर उछाला जा रहा है, उससे वह भी आहत हैं। फातिमा सना शेख ही वह अभिनेत्री हैं जिन्हें लेकर किरण राव अपनी नाराजगी पहले भी आमिर खान से जता चुकी हैं। लेकिन, दिलचस्प बात यहां ये भी है कि आमिर और किरण अब भी साथ ही छुट्टियां मना रहे हैं। दोनों के तलाक के दिन लद्दाख में फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग में व्यस्त होने की खबर फर्जी है।
शनिवार को आमिर खान और किरण राव के तलाक की खबर मीडिया को इस अनुरोध के साथ पहुंचाई गई कि इसे ज्यादा सनसनीखेज खबर न बनाया जा सके तो बेहतर। वैसे भी ये मुद्दा आमिर के निजी जीवन से ताल्लुक रखता है लिहाजा इसे लेकर बहुत कुछ हल्ला भी नहीं मचा और जैसा समाचार था, वैसा ही लोगों ने प्रस्तुत भी किया। लेकिन, ये समाचार बाहर आते ही सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया उतनी संतुलित नहीं रह सकी। पहली पत्नी रीना दत्ता के साथ भी आमिर ने वैवाहिक जीवन के 15 साल बिताए और दूसरी पत्नी किरण राव के साथ भी इतना ही वक्त बतौर मियां बीवी आमिर ने गुजारा है।