फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Choreographer to Director: 10 कोरियोग्राफर जिन्होंने निर्देशन में किया कमाल, ये दो दिग्गज अभिनेता भी शामिल

Sun, 16 Oct 2022 04:39 PM IST
शशि सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विज्ञापन
1 of 11
गुरु दत्त, रेमो डिसूजा,गणेश आचार्य - फोटो : social media

बॉलीवुड की फिल्मों में डांस का बहुत महत्व होता है। फिल्मों में गाना और डांस बढ़िया हो तो फिल्म को सफल बनने में सहायता मिल जाती है। फिल्मों में गाने को बढ़िया बनाने में कोरियोग्राफर का बहुत बड़ा हाथ होता है। फिल्मों में हीरो के डांस स्टेप्स देखकर हम उन गानों पर झूम जाते हैं। आइए जानते हैं बॉलीवुड के बड़े बड़े स्टार्स को ठुमके लगवा चुके उन टॉप 10 कोरियोग्राफर के बारे में जो कोरियोग्राफर से निर्देशक बने... 

विज्ञापन

2 of 11
गुरु दत्त

1. गुरु दत्त 

पचास और साठ के दशक में ‘प्यासा’, ‘कागज के फूल’, ‘साहब बीबी और गुलाम’, ‘चौदहवीं का चांद’ जैसी उत्कृष्ट फिल्में बनाने वाले गुरु दत्त ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कोरियोग्राफर साल 1946 में प्रदर्शित फिल्म 'हम एक हैं' से की। निर्देशक के रूप में गुरु दत्त ने साल 1951 में देव आनंद की फिल्म 'बाजी' से अपने करियर की शुरुआत की। बतौर निर्माता-निर्देशक और अभिनेता गुरु दत्त की 'प्यासा' और 'कागज के फूल' अपने जमाने की कल्ट फिल्में मानी जाती हैं। साल 1964 में 39 साल की कम उम्र में उनका निधन हो गया। 

विज्ञापन

3 of 11
कमल हासन - फोटो : Instagram/Kamal Haasan

2. कमल हासन 

कमल हासन ने अपने करियर की शुरुआत असिस्टेंट डायरेक्टर और असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में की। साल 1974 में उन्होंने मलयालम फिल्म 'मान्याश्री विश्वमित्राणि' में बतौर कोरियोग्राफर अपना करियर आगे बढ़ाया। कई मलयालम और तमिल फिल्मों के अलावा वह साल 1982 में प्रदर्शित अपनी ही हिंदी फिल्म 'सनम तेरी कसम' में भी कोरियोग्राफी कर चुके हैं। निर्देशन में उन्होंने साल 1997 में प्रदर्शित फिल्म 'चाची 420' से कदम रखा था। कमल हासन लंबे समय से अभिनेता, लेखक, निर्माता और निर्देशक के रूप में सक्रिय हैं। 

4 of 11
चिन्नी प्रकाश - फोटो : social media

3. चिन्नी प्रकाश 

चिन्नी प्रकाश ने बॉलीवुड में साल 1965 में रिलीज फिल्म 'खानदान' से बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने ‘हाथी मेरे साथी’, ‘खुदा गवाह’, ‘सबसे बड़ा रुपैया’, ‘खिलाड़ी’, ‘साजन’, ‘करन अर्जुन’, ‘धड़कन’ और ‘मोहरा’ जैसी फिल्में कोरियोग्राफ की हैं। राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और गोविंदा जैसे सितारों को अपनी उंगलियों पर नचा चुके चिन्नी प्रकाश ने साल 1997 में फिल्म 'घूंघट' का निर्देशन भी किया था।

विज्ञापन

5 of 11
प्रभु देवा

4. प्रभु देवा 

प्रभु देवा के डांस स्टेप्स की पूरी दुनिया दीवानी है। उन्होंने डांस को एक नया ही रूप दिया है। प्रभु देवा ने बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत साल 1989 में कमल हासन की तमिल फिल्म 'वेत्री विझा' से की । दक्षिण से लेकर बॉलीवुड में अब तक 100 से ज्यादा फिल्में कोरियोग्राफ कर चुके प्रभु देवा एक सफल अभिनेता भी हैं। साल 2005 में प्रभु देवा ने तमिल फिल्म 'नुवोस्तनांते नैनोददंतना' के साथ निर्देशन में सफलतापूर्वक कदम रखा। दक्षिण की कई हिट फिल्में कर चुके प्रभु देवा हिंदी में 'वांटेड', 'राउडी राठौर', 'आर राजकुमार' और 'दबंग 3' का निर्देशन कर चुके हैं।     

विज्ञापन

6 of 11
कोरियोग्राफर गणेश आचार्य

5. गणेश आचार्य 

गणेश आचार्य की गिनती बॉलीवुड के सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफरों में होती है। उन्होंने बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत साल 1992 में  फिल्म 'अनाम' से की। गणेश आचार्य  'साजन चले ससुराल', 'हैलो ब्रदर', 'रंग दे बसंती' से लेकर हालिया रिलीज फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' तक कई फिल्मों की कोरियोग्राफी कर चुके हैं। उन्होंने इंडस्ट्री के सभी  शीर्ष अभिनेताओं के साथ काम किया है। गणेश आचार्य ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत साल 2007 में मनोज बाजपेयी की फिल्म 'स्वामी' से की और अब तक निर्देशक के रूप में 'मनी है तो हनी है', 'भिखारी', 'एंजेल' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।

विज्ञापन

7 of 11
फराह खान - फोटो : instagram/farahkhankunder/

6. फराह खान 

फराह खान एक जानी मानी कोरियोग्राफर-निर्देशक हैं। उन्होंने साल 1992 में फिल्म 'जो जीता वही सिकंदर' से बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत की। इस फिल्म को पहले सरोज खान कोरियोग्राफ करने वाली थी। लेकिन, जब सरोज खान ने किसी वजह से फिल्म छोड़ दी, तब यह फिल्म फराह खान को मिल गई। इस फिल्म के बाद फराह खान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। करीब अस्सी से ज्यादा फिल्में कोरियोग्राफ कर चुकी फराह खान ने साल 2004 में फिल्म  'मैं हूं ना' के जरिए निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा। इसके बाद वह 'ओम शांति ओम' और 'हैप्पी न्यू ईयर' का निर्देशन कर चुकी हैं। 

8 of 11
अहमद खान - फोटो : सोशल मीडिया

7. अहमद खान 

अहमद खान बाल कलाकार के तौर पर शेखर कपूर की फिल्म 'मिस्टर इंडिया' में काम कर चुके हैं। बतौर कोरियोग्राफर उन्हें सबसे पहले साल 1999 में तमिल फिल्म 'मुधलवन' में काम करने का मौका मिला। तमिल फिल्म 'मुधलवन' की वजह से ही उन्हें साल 2001 में फिल्म 'नायक' में कोरियोग्राफ करने का मौका इस लिए मिला क्योंकि  'नायक' तमिल फिल्म 'मुधलवन' की हिंदी रीमेक थी और तमिल फिल्म के निर्देशक एस शंकर ने  ही हिंदी फिल्म  'नायक' का निर्देशन किया था। अहमद खान ने निर्देशक के रूप में अपने करियर की शुरुआत साल 2004 में सनी देओल अभिनीत  फिल्म 'लकीर' से की। अहमद खान अब तक बागी 2, बागी 3 और हीरोपंती 2 जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।    

9 of 11
रेमो डिसूजा - फोटो : सोशल मीडिया

8. रेमो डिसूजा 

रेमो डिसूजा ने साल 1995 में फिल्म 'बॉलीवुड ड्रीम' से बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत की। 'तुम बिन', 'सड़क', 'धूम', 'भूतनाथ' जैसी कई फिल्में कोरियोग्राफ कर चुके रेमो डिसूजा ने साल 2004 में जैकी भगनानी की फिल्म 'फालतू' के जरिए निर्देशन में कदम रखा। रेमो डिसूजा अब तक 'एबीसीडी', 'एबीसीडी 2', 'ए फ्लाइंग जट्ट', 'रेस 3' और 'स्ट्रीट डांसर 3' फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं । 

10 of 11
इमरान सरधरिया - फोटो : social media

9. इमरान सरधरिया

साल 1994 में  राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' से बतौर कोरियोग्राफर अपने करियर की शुरुआत करने वाले कोरियोग्राफर इमरान  सरधरिया कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में अब तक 100 से ज्यादा फिल्में कर चुके हैं। 'हम आपके हैं कौन' में सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी के लिए इमरान  सरधरिया को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। लेकिन, इस फिल्म के बाद वह साउथ की फिल्मों में इतने व्यस्त हो गए कि 23 साल के बाद हिंदी सिनेमा में उनकी वापसी साल 2017 में अब्बास मस्तान की फिल्म 'मशीन' में हुई। इमरान सरधरिया ने साल 2015 में कन्नड़ फिल्म 'एंडे डिगु' का निर्देशन किया। इस फिल्म के बाद साल 2017 में निर्देशक के रूप में उनकी एक और कन्नड़ फिल्म 'उप्पू होली खरा' रिलीज हुई।   

विज्ञापन

11 of 11
बॉस्को मार्टिस - फोटो : सोशल मीडिया

10. बॉस्को मार्टिस 

शाहरुख खान, आमिर खान, शाहिद कपूर और संजय दत्त जैसे कई सितारों को नचा चुके बॉस्को मार्टिस भी अब निर्देशक बन गए हैं। बॉस्को मार्टिस डांस हॉरर कॉमेडी फिल्म 'रॉकेट गैंग' के जरिए निर्देशन में कदम रख रहे हैं। यह फिल्म अगले महीने रिलीज होने जा रही है। बॉस्को मार्टिस ने साल 2000 में फिल्म 'मिशन कश्मीर' के जरिए अपने कोरियोग्राफी करियर की शुरुआत की। अब तक वह 500 गानों की कोरियोग्राफी कर चुके हैं।  

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें