School Reopen in Bihar: बिहार में अगले महीने से पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के स्कूल फिर से खुलेंगे। एक मार्च से पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए फिर से कक्षाओं का संचालन होगा। गौरतलब है कि सूबे में पूरे ग्यारह महीने से पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद हैं। पिछले साल मार्च में कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्कूलों को बंद किया गया था।
अब शिक्षा विभाग ने प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोलने का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में मार्च से प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से एक मार्च से खोलने का फैसला हुआ है। पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए कक्षाओं का संचालन निरंतरता से होगा या इसे रोका जाएगा इस बात का फैसला 15 दिनों बाद होने वाली समीक्षा बैठक में लिया जाएगा।
अभी सूबे में छठी से लेकर आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए कक्षाओं का संचालन हो रहा है। 50 फीसदी क्षमता के साथ स्कूलों में छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक की कक्षाओं का संचालन हो रहा है। इस दौरान कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
पहली से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छात्रों को स्कूल आने के लिए अभिभावकों की लिखित अनुमति लेनी होगी। छात्रों को कोरोना वायरस के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा और फेस मास्क पहनना होगा।