दिल्ली विश्वविद्यालय में पहले दिन (मंगलवार) को दाखिला पोर्टल पर तकनीकी दिक्कत के बाद एक बार फिर बुधवार की सुबह सर्वर स्लो होने से छात्रों को परेशानी हुई। इस कारण शुरुआत में दाखिले की रफ्तार थोड़ी सुस्त रही। हालांकि कुछ देर बाद समस्या दूर हो गई और दाखिलों ने रफ्तार पकड़ ली। शाम तक कॉलेजों में दाखिले होते रहे। बुधवार को पहली कट ऑफ के दाखिले का दूसरा दिन रहा। ऐसे में कॉलेजों में छात्रों की भीड़ उमड़ पड़ी। वह छात्र भी पहुंचे जिनका सर्वर स्लो होने के कारण मंगलवार को दाखिला नहीं हो सका था। सुबह 9.30 बजे के बाद सर्वर फिर से स्लो हो गया। छात्रों को इस बात की चिंता रही कि कहीं मंगलवार जैसे हालात न हो जाएं। वहीं, प्रशासन ने इस समस्या को जल्द ही दूर कर लिया। कॉलेजों ने इस बार वास्तविक कटऑफ निकाली है। बावजूद कुछ कॉलेजों में पहली कट ऑफ के बाद कुछ एक कोर्सेज में दाखिले बंद होने की स्थिति बन रही है। लेकिन यह तब पता चलेगा कि कितने छात्रों ने फीस का भुगतान किया। बृहस्पतिवार को पहली कट ऑफ के दाखिले का अंतिम दिन के बाद छात्र शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन फीस का भुगतान कर सकते हैं।