देश में एक बार फिर बढ़ते वैश्विक संक्रामक महामारी कोविड-19 के संक्रमण के मामलों को असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दिखने लगा है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की चौथी लहर के तहत रोजाना बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों ने देश उच्च शिक्षण संस्थानों को भी चपेट में ले लिया है। हाल ही में दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज में 13 छात्रों के संक्रमित पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। राजधानी के दोनों शीर्ष विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आनन-फानन में कई बड़े कदम उठाए हैं और विश्वविद्यालय परिसरों में सख्त नियम लागू किए हैं।
जहां एक ओर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए रविवार को छात्रों और स्टाफ के सदस्यों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में पहले से ज्यादा सख्त नियम लागू किए गए हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को मामलों की संख्या में 3,594 की वृद्धि हुई है। यह इस साल के सबसे अधिक दैनिक मामले हैं। इससे पहले गुरुवार को 2,790 मामले, बुधवार को 1,819 मामले और मंगलवार को 992 मामले सामने आए थे।