CBSE Board Exams 2021: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं तय वक्त पर ही होंगी। दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से स्थगित नहीं किया जाएगा। सीबीएसई ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, 4 मई से ही शुरू होंगी। इस साल परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या में भी 50 फीसदी बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले करीब एक लाख छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने या फिर ऑनलाइन कराने को लेकर याचिका पर हस्ताक्षर किए थे। जिसमें अभिभावकों के साथ ही छात्रों ने बढ़ते कोरोना संक्रमण पर चिंता जाहिर की थी और परीक्षाओं को आगे बढ़ाने की मांग की थी।