विस्तृत क्षेत्र
आमतौर पर ऑडियोलॉजिस्ट हियरिंग या स्पीच संबंधी विकारों से ग्रसित रोगियों के साथ काम करते हैं। ये ज्यादातर ईएनटी हेल्थ केयर्स द्वारा हायर किए जाते हैं। वर्तमान में कई एनजीओ और शैक्षिक संस्थानों में भी आपको ये लोग काम करते हुए मिल जाएंगे। हियरिंग और स्पीच से संबंधित समस्याओं और उनके संतुलन संबंधी विकारों की पहचान, मूल्यांकन, इलाज, रोगियों के साथ लक्षणों पर चर्चा, उपचार का दस्तावेजीकरण, उपकरण आदि का सुझाव देना आदि इनके कार्यों में शामिल है।
मरीजों की समस्या और उसके सर्वोत्तम उपचार, दोनों के लिए ही इन्हें नवीनतम नैदानिक उपकरणों से परिचित होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, ऑडियोलॉजिस्ट रोगियों के भावनात्मक या मानसिक तनाव के स्तर को निर्धारित करने के लिए भी उत्तरदायी होते हैं। ये रोगियों का तनाव कम करने के लिए उपयुक्त संसाधनों की व्यवस्था करते हैं। प्राइवेट, सरकारी अस्पतालों के अलावा कान से संबंधित उपकरण बनाने वाली कंपनियों में काम करने के साथ ही खुद का जांच केंद्र भी खोल सकते हैं। ये प्रायः ईएनटी चिकित्सा विशेषज्ञों, भाषा रोगविज्ञानियों, शिक्षकों, इंजीनियरों, वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ काम करते हैं।