फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना का कहर : उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल समेत इन राज्यों में स्थगित हुईं बोर्ड परीक्षाएं

Thu, 15 Apr 2021 02:29 PM IST
देवेश शर्मा एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

आइए जानते हैं कि अब तक किन-किन राज्यों में बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित और रद्द करने का निर्णय किया गया है और कहां-कब होंगी बोर्ड परीक्षाएं ... 
विज्ञापन
1 of 11
छात्र-छात्राएं (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : iStock
देशभर में वैश्विक संक्रामक महामारी कोविड-19 के संक्रमण के मामले बड़ी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इससे अधिकांश राज्यों में न केवल स्कूल, कॉलेज जैसे सभी शैक्षणिक संस्थान फिर से बंद करने पड़े हैं बल्कि परीक्षाओं का आयोजन भी चिंताजनक बन गया है। ऐसे में बीते दो दिन में केंद्र सरकार समेत कई राज्य सरकारों ने बोर्ड परीक्षाओं को टालने की घोषणाएं की हैं। 
जहां केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को टालने का महत्वपूर्ण कदम उठाया था, वहीं, इसके बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल और हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने भी अपनी परीक्षाएं टालने का निर्णय किया। आइए जानते हैं कि अब तक किन-किन राज्यों में बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित और रद्द करने का निर्णय किया गया है और कहां-कब होंगी बोर्ड परीक्षाएं ... 

Trending Videos
विज्ञापन

2 of 11
बोर्ड परीक्षाएं स्थगित - फोटो : Amar Ujala Graphics
बता दें कि देशभर में भयावह होते कोरोना वायरस संक्रमण के हालातों के कारण बीते एक सप्ताह से अभिभावकों और विद्यार्थियों की ओर से बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने की मांग जोर पकड़ रही थी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी समेत कई बड़ी राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी हस्तियों ने भी सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की थी।
इसके मद्देनजर बुधवार, 14 अप्रैल, 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की थी। बैठक में सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं को टालने को लेकर निर्णय किया गया। आगे पढ़िए किस-किस राज्य में टाली गईं बोर्ड परीक्षाएं ... 

यह भी पढ़ें : यूपी बोर्ड 2021: उत्तर प्रदेश में 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कोरोना के कारण स्थगित     
 
विज्ञापन

3 of 11
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा लेटेस्ट न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala Graphics
सीबीएसई बोर्ड : 12वीं की परीक्षा स्थगित तो 10वीं की रद्द
केंद्रीय शिक्षा मंत्री निशंक ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री की उच्च स्तरीय बैठक में सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। निर्णय के अनुसार कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षाओं को रद्द और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। एक जून को कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के बाद बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा के लिए नया शेड्यूल तैयार किया जा सकता है। महामारी और स्कूल बंद होने की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, और छात्रों की सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए निम्नानुसार निर्णय किए गए हैं ... 
  1. चार मई से 14 जून, 2021 तक आयोजित होने वाली कक्षा 12वीं के लिए बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। इन परीक्षाओं को बाद में आयोजित किया जाएगा। 
  2. बोर्ड द्वारा एक जून 2021 को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और विवरण साझा किया जाएगा। परीक्षाओं की शुरुआत की सूचना कम से कम 15 दिन पहले दे दी जाएगी। 
  3. वहीं, 10वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम सीबीएसई की ओर से तैयार की जाने वाली असेसमेंट पद्धति से किया जाएगा।
  4. अगर कोई विद्यार्थी मूल्यांकन के तहत मिले अंकों से संतुष्ट नहीं होता है तो उसे परीक्षा में बैठने के लिए एक मौका दिया जाएगा। परीक्षा परिस्थितियां अनुकूल होने पर आयोजित की जाएगी। 

4 of 11
बोर्ड परीक्षा 2021 - फोटो : Amar Ujala Graphics
राजस्थान बोर्ड : 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कीं
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह फैसला किया है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने कक्षा आठवीं बोर्ड, नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों को सीधे अगली कक्षा में प्रमोट करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट कर जानकारी दी कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।
इसी के साथ राज्य सरकार ने 8वीं बोर्ड के छात्र-छात्राओं को नवीं, कक्षा 9 के छात्र-छात्राओं को दसवीं तथा 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को बारहवीं कक्षा में प्रमोट करने का भी फैसला किया है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने एक साक्षात्कार में बताया कि राज्य में 15 दिन बाद कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के बाद परीक्षाओं को लेकर अंतिम निर्णय किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें : सीबीएसई बोर्ड : प्रधानमंत्री की बैठक में बड़ा फैसला, 12वीं की परीक्षा स्थगित तो 10वीं की रद्द
विज्ञापन

5 of 11
यूपी बोर्ड 2021 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित - फोटो : Amar Ujala Graphics
उत्तर प्रदेश : 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं कोरोना के कारण स्थगित    
उत्तर प्रदेश सरकार ने देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल परीक्षाओं की नई तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। परीक्षाओं की नई तारीखों को लेकर समीक्षा के बाद मई तक निर्णय किया जा सकता है। इससे पहले राज्य में पंचायत चुनाव के कारण परीक्षाएं टाली गईं थीं। 
इस बार 56 लाख से अधिक विद्यार्थी उत्तर प्रदेश की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेने वाले हैं। उत्तर प्रदेश में परीक्षाएं टालीं जाने का निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार, 15 अप्रैल, 2021 को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है। राज्य के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि राज्य में 15 मई तक 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज बंद रखने का निर्णय भी लिया गया है।
  
यह भी पढ़ें : हिमाचल प्रदेश : 10वीं 12वीं की बोर्ड और कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं टालने की घोषणा
विज्ञापन

6 of 11
mp board exam - फोटो : सोशल मीडिया
एमपी बोर्ड परीक्षा : सभी परीक्षाएं जून तक के लिए स्थगित
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल / हायर सेकेण्डरी / हायर सेकेण्डरी व्यावसायिक/डिप्लोमा इन प्री-स्कूल एजूकेशन,शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षाएं एक माह के लिए स्थगित कर दी गई हैं। यह परीक्षाएं अब माह जून 2021 के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ की जाकर अंतिम सप्ताह तक सम्पन्न कराई जाएंगी।
इससे पहले बीते सप्ताह ही मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षाओं के प्रवेश पत्र जारी किए थे। बता दें कि माशिम द्वारा कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाएं 30 अप्रैल से और कक्षा बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं 01 मई से आयोजित की जानी थी। 
विज्ञापन

7 of 11
बोर्ड परीक्षा की तैयारी के टिप्स - फोटो : Amar Ujala Graphics
महाराष्ट्र बोर्ड 2021 : कोरोना की वजह से 10वीं-12वीं परीक्षाएं आगे खिसकीं
कोरोना संक्रमण को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है। सूबे की स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ का कहना है कि कोरोना वायरस की वर्तमान स्थिति परीक्षा आयोजित करने के लिए अनुकूल नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं मई के अंत तक और 10वीं परीक्षा जून में आयोजित की जाएगी। पहले ये परीक्षा अप्रैल के अंतिम सप्ताह में निर्धारित की गई थी। वहीं, सूबे में पहली से लेकर नौवीं तक और 11 वीं कक्षा के छात्रों को इस साल बिना परीक्षा के ही पदोन्नत किया जाएगा।

8 of 11
board exam 2021 - फोटो : self
तमिलनाडु बोर्ड : नौवीं, 10वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाएं रद्द
तमिलनाडु में नौवीं, 10वीं और11वीं के विद्यार्थी बिना परीक्षा के ही पास होंगे। यहां इस साल नौवीं, 10वीं और11वीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। सूबे के मुख्यमंत्री एडी पलानीस्वामी ने नौवीं, दसवीं और ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को रद्द करने और विद्यार्थियों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रमोट करने की घोषणा की थी।
सूबे की सरकार ने छात्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है। छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास किया जाएगा। विद्यार्थियों को 80 फीसदी नंबर तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं में मिले नंबरों के मूल्यांकन के जरिए और 20 फीसदी नंबर उपस्थिति के आधार पर दिए जाएंगे।

9 of 11
बोर्ड परीक्षा (File Photo) - फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ बोर्ड :  10वीं की परीक्षा स्थगित
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ बोर्ड की दसवीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने सूबे में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दसवीं की परीक्षा को स्थगित कर दिया है। गौरतलब है कि दसवीं की परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब बोर्ड ने इन्हें स्थगित कर दिया है। हालांकि, अभी बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बोर्ड की तरफ से अभी दसवीं परीक्षा का संशोधित टाइम टेबल जारी नहीं किया गया है।

10 of 11
online exam - फोटो : अमर उजाला
गोवा:  ऑनलाइन होंगी 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं
गोवा में बढ़ते कोरोना वायरस (COVID-19) के मामलों के मद्देनजर सूबे के शिक्षा विभाग ने उच्चतर माध्यमिक स्कूलों और जूनियर कॉलेजों के नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षा को ऑनलाइन मोड में आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। छात्र घर से ही नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को ऑनलाइन दे सकेंगे।
विभाग ने पहले घोषणा की थी कि पहली से लेकर 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए परीक्षा ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। पहली कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक के छात्र कोरोना के इस दौर में घर से ही ऑनलाइन परीक्षा में उपस्थित हो सकते हैं। अब नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को भी ऑनलाइन कर दिया गया है।
विज्ञापन

11 of 11
परीक्षा केंद्र। - प्रतीकात्मक चित्र - फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश : 10वीं, 12वीं बोर्ड और कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं टलीं
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी राज्य में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं टालने की घोषणा कर दी है। शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से कहा गया कि राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के मद्देनजर कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं और स्नातक स्तरीय परीक्षाओं को 17 मई, 2021 तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार की ओर से एक मई को प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर समीक्षा की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक के बाद राज्य शिक्षा विभाग 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं तथा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं को पर आगामी निर्णय किया जाएगा। बता दें कि बोर्ड की परीक्षाएं 13 अप्रैल, 2021 से शुरू हुई थीं, लेकिन दो दिन बाद ही इन्हें स्थगित कर दिया गया है। जबकि स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 17 अप्रैल से शुरू होनी थीं। 

यह भी पढ़ें : राजस्थान बोर्ड : राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला,10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कीं
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें