अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ एक साल से अधिक समय तक मोर्चा खोले रहने वाले किसान अब घर वापसी कर रहे हैं। सरकार का रुख बदलने के किसान संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने के फैसला लिया था। इसी फैसले के मद्देनजर किसान अब घर वापसी कर रहे हैं। दिल्ली की सीमाओं पर जश्न का माहौल है। गाजे-बाजे के साथ खुशी मनाते हुए सिंघू बॉर्डर, कुंडली बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर (दिल्ली-यूपी सीमा) से किसान अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। भारी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियां होने की वजह से जीटी रोड पर जाम लगा हुआ है। हालांकि जीटी रोड पर जाम की आशंका को देखते हुए किसानों ने अलग-अलग जत्थों में निकलने का फैसला किया था।
उधर, गाजीपुर बॉर्डर पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों का एक बड़ा समूह कल सुबह आठ बजे यह क्षेत्र खाली कर देगा। आज की बैठक में हम बात करेंगे, प्रार्थना करेंगे। इसके साथ ही उन लोगों से मिलेंगे जिन्होंने हमारी मदद की। हमारे किसान भाइयों ने घर वापसी शुरू कर दी है, इसमें चार से पांच दिन लगेंगे। मैं अपने घर की ओर 15 दिसंबर को निकलूंगा।