फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में दो दिन का यलो अलर्ट: जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ, यातायात ठप; रेंगते दिखे वाहन, तस्वीरें

Sun, 01 Jun 2025 10:06 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रविवार को हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहन रेंगते हुए नजर आए।
विज्ञापन
1 of 6
दिल्ली में जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई - फोटो : अमर उजाला
राजधानी में जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया है। रविवार को दिन भर गर्मी रहने के बाद दोपहर को काले बादल छाने के साथ तेज धूल भरी आंधी आई। इससे कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। धूल भरी आंधी के कारण दृश्यता कम हो गई। हालांकि, बाद में तेज बारिश शुरू हो गई।
विज्ञापन

2 of 6
दिल्ली में जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई - फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग के अनुसार रविवार शाम सबसे तेज हवा शाम 4:30 बजे पालम में चली। इस दौरान हवा की गति 96 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, शाम 5:05 बजे सफदरजंग में 80, प्रगति मैदान में शाम 5:15 बजे 81 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा दर्ज हुई। सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक कुल 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। 
विज्ञापन

3 of 6
दिल्ली में जून की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई - फोटो : अमर उजाला
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तरी पाकिस्तान पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर हरियाणा पर एक चक्रवाती परिसंचरण है। अरब सागर से आई नमी के कारण बारिश हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम के साथ 37.9 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 45 फीसदी रहा।

4 of 6
बारिश से यातायात ठप, सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन - फोटो : ANI
बारिश से यातायात ठप, सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन
रविवार को हुई बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहन रेंगते हुए नजर आए। कई जगहों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। धौला कुआं, मिंटो रोड, लाजपत नगर, पश्चिम विहार और सराय काले खां जैसे क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली-कैंट अंडरपास में पानी भरने से कई वाहन फंस गए जिस कारण प्रशासन को बचाव कार्य शुरू करना पड़ा। महरौली में एक पेड़ गिरने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। हालांकि, रविवार होने के कारण ट्रैफिक का दबाव अपेक्षाकृत कम था। यातायात पुलिस ने ट्वीट कर लोगों को प्रभावित मार्गों से बचने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार, मिंटो ब्रिज और अरबिंदो मार्ग पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। ऐसे में उन्होंने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी। बारिश के चलते दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
विज्ञापन

5 of 6
दिल्ली में दो दिन का बारिश का अलर्ट - फोटो : ANI
दो दिन के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी
सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएंगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 और 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने 2-3 जून के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने शाम 7:30 बजे तक दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की। कई इलाकों में बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
बारिश में भीगती युवती - फोटो : अमर उजाला
पालम में सबसे अधिक तापमान रहा
पालम में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में 37.7, आया नगर में 37.5 और रिज में 37.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 25.0, पालम में 26.4 और आया नगर में 25.2 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक रिज में 9.2, लोधी रोड में 12.6, पालम में 7.4, आया नगर में 2.6, राजघाट में 17.8, पूसा में 13.5 और नजफगढ़ में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें