सुदीक्षा और उसके पिता जितेंद्र भाटी
- फोटो : amar ujala
सुदीक्षा के पिता ने एसआईटी प्रभारी के सामने बयां किया दर्द
स्कॉलर छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत के मामले में गठित एसआईटी की प्रभारी सीओ सिटी दीक्षा सिंह बृहस्पतिवार को मृतका के गांव डेरी स्कनर पहुंचीं। बताया गया कि एसआईटी प्रभारी सीओ के सामने सुदीक्षा के पिता जितेंद्र भाटी ने अपना दर्द बयां किया। जितेंद्र भाटी ने कहा कि उनकी बेटी इस दुनिया से चली गई। पुलिस आरोपियों को खोजने की बजाए इसकी जांच में जुटी है कि सुदीक्षा जिस बाइक पर सवार थी, वह कौन चला रहा था। जितेंद्र ने कहा कि बाइक सुदीक्षा चला रही थी या निगम, कोई तो चला ही रहा था। लेकिन आरोपियों को पकड़ने में कोई रुचि नहीं ले रही है। हादसा तो हुआ है, पुलिस को यह स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने सीओ से कहा कि सड़कों पर ऐसा माहौल होना चाहिए कि कोई भी सुरक्षित सफर कर सके। किसी को कोई दिक्कत न हो। एसआईटी प्रभारी ने पीड़ित पिता से काफी देर बातचीत की। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में जो संदिग्ध दिखे हैं, उनकी फुटेज भी सुदीक्षा के चचेरे भाई निगम को दिखाई गई है जिससे कि वह उन्हें पहचानने की कोशिश करे। इसके अलावा औरंगाबाद थाने में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिलों की फुटेज भी निगम को दिखाई गई है। क्योंकि निगम ही इस हादसे का प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी है।
पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही बाइक सवार युवकों का पता लगाकर राजफाश कर दिया जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी