केंद्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित हुए दिल्ली पुलिस के जवान
- फोटो : अमर उजाला
गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस के छह कर्मियों को वर्ष 2022 के लिए जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया है। 2018 से शुरू हुए इस पदक का उद्देश्य अपराध की जांच के उच्च पेशेवर मानकों को बढ़ावा देना और जांच में उत्कृष्टता को मान्यता देना है।
नई दिल्ली जिला के पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत रहे दीपक यादव और उप निरीक्षक मुनीश कुमार ने एक हाई प्रोफाइल मामले को सुलझाया था। नॉर्थ एवेन्यू इलाके में जालसाजों ने राज्य मंत्री से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी घटना से संबंधित वीडियो जारी करने की धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये की मांग की थी। इस मामले की तकनीकी जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी कबीर वर्मा और अमित कुमार को गिरफ्तार किया था, जो कॉल सेंटर चलाते थे। एक सप्ताह के भीतर वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन और करीबी निगरानी से मामले को सुलझाया गया था।