फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आफत की बारिश: पहाड़ से लेकर मैदान तक बरसात का दौर जारी, आगरा में टूटा 85 साल का रिकॉर्ड, दिल्ली भी हुई बेहाल

Fri, 13 Sep 2024 11:53 AM IST
आकाश दुबे अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
विज्ञापन
1 of 12
Weather Update - फोटो : अमर उजाला
यूपी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश का दौर जारी रहा। आगरा में 36 घंटे से लगातार जारी बारिश के बीच एक दिन में बारिश का 85 साल का रिकाॅर्ड टूट गया। यहां 24 घंटे में 151 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 1939 में एक दिन में सरर्वाधिक 286 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। हाथरस में 50 घंटे लगातार बारिश जारी है तो अलीगढ़ में 24 घंटे में करीब 258 मिमी बारिश से शहर टापू बन गया। बारिश जनित हादसों में अलग-अलग जगह करीब 32 लोगों की माैत हो गई। वहीं, 200 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। प्रदेश में अभी तीन दिन और बारिश से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
विज्ञापन

2 of 12
Heavy Rain - फोटो : अमर उजाला
ब्रज क्षेत्र में में पिछले 24 घंटे से भी ज्यादा समय से अनवरत बारिश होने से ब्रज में दर्जनों मकान, दीवारें गिर गईं जिसमें दबकर 17 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में दो मासूम और 5 महिलाएं शामिल हैं। कासगंज, फिरोजाबाद जिले के कई इलाकों में 24 घंटे से बिजली सप्लाई ठप है। मथुरा में सड़कें ताल बन गईं और जगह-जगह जाम लगता रहा। अलीगढ़ में 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए। एट में 12 से अधिक मकान गिर गए। फिरोजाबाद में दो लोगों की दबकर जान चली गई। एका क्षेत्र में मकान की दीवार गिरने से कृष्णा देवी की मौत हो गई जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। 
विज्ञापन

3 of 12
अलीगढ़ के अहरौली में बारिश से खराब हुई फसल - फोटो : अमर उजाला
नारखी क्षेत्र में दस हजार हेक्टेयर में मिर्च की फसल जलमग्न हो गई। टूंडला क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक मकानों की दीवारें गिर गई। जसराना के बड़ा गांव निवासी रामब्रेश (51) की दबकर मौत हो गई, जबकि बेटी घायल हो गई। अलीगढ़ और हाथरस में 150 से अधिक मकान गिर गए। हाथरस में 35 बिजलीघरों से जुड़े करीब 200 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। झांसी में 48 घंटों में 200 तो ललितपुर में 140.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यहां मऊरानीपुर में मकान गिरने से मजदूर की मौत हो गई। श्रावस्ती, सीतापुर में भी दो लोगों की मौत हो गई।

4 of 12
रेलवे ट्रैक पर पानी (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर पहुंचा पानी, 12 ट्रेनें प्रभावित
अलीगढ़ में नगर निगम की बदइंतजामी से हजारों रेल यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के निकट सुरेंद्र नगर गुरुद्वारा रोड के सामने पानी के तेज बहाव के चलते रेलवे की 15 मीटर लंबी चहारदीवारी भरभरा कर गिर पड़ी। इससे पानी दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। जिससे सिग्नल फेल हो गए और करीब ढ़ाई घंटे तक रेलवे ट्रैक प्रभावित रहा।
विज्ञापन

5 of 12
गुजरती वंदे भारत ट्रेन (फाइल फोटो) - फोटो : संवाद
दौड़ रही थी वंदे भारत, हवा में झूलता ट्रैक देखकर रेलकर्मी ने रुकवाया
दिल्ली की ओर दौड़ रही वंदे भारत एक्सप्रेस जब ग्वालियर की ओर बढ़ रही थी तो कोटरा-डबरा के बीच रेल ट्रैक की मिट्टी और गिट्टी दोनों पानी में बह गई। गनीमत रही कि झांसी की ओर आ रहे रेलकर्मी ने हवा में झूलती पटरी देखते ही कंट्रोल रूम को सूचित कर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद तीसरी लाइन से ट्रेनों का संचालन किया गया।
विज्ञापन

6 of 12
ताजमहल के आसपास भरा पानी - फोटो : अमर उजाला
ताज के गुंबद की छत टपकी एत्माद्दौला की दीवार ढही
आगरा में बारिश से ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एत्माउद्दौला, रामबाग, सिकंदरा सहित एक दर्जन से अधिक स्मारकों में नुकसान हुआ है। ताज के मुख्य गुंबद से पानी रिसने से पर्यटक परेशान हो गए। एत्माद्दौला में दक्षिणी दीवार ढह गई। बेबी ताज के नाम से मशहूर एत्माउद्दौला स्मारक में दक्षिणी दीवार बारिश से ध्वस्त हो गई। उधर, रामबाग में दीवार गिर पड़ी।
विज्ञापन

7 of 12
आगरा में बारिश - फोटो : अमर उजाला
कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अनुमान स्कूलों में छुट्टी घोषित
अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को भी बारिश जारी रह सकती है। आगरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, फर्रुखाबाद, हमीरपुर, औरैया, कन्नाैज जालाैन, अलीगढ़ हाथरस और बहराइच, सीतापुर में शुक्रवार को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद कर दिए गए।

8 of 12
उत्तराखंड में बारिश - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आज भी देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को भी भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन सभी जिलों में तेज हवा चलने के साथ कई दौर की भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता से रहने की हिदायत दी है।

9 of 12
गंगोत्री हाईवे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तराखंड में भारी मलबा-पत्थर आने से गंगोत्री हाईवे बाधित
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नेताला, लालढांग के पास मलबा व पत्थर आने के कारण बाधित है। बीआरओ को मार्ग बंद होने की सूचना दी गई है। प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज भी बारिश का सिलसिला जारी है। अभी बारिश से राहत मिलने की आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

10 of 12
किन्नाैर में बर्फबारी। - फोटो : संवाद
किन्नौर के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी, धर्मशाला में बरसे बादल
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में गुरुवार सुबह ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। कल्पा, निचार और पूह खंड के अधिकांश ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। जिले में सुबह अचानक भारत-तिब्बत सीमा के समीप नकदम, नित्थल, थाच, खानादुमति, रानीकंडा, किन्नौर कैलाश, नाको के रियोपुरगिल, सांगला कंडा, रक्षम के शोशला पीक, बटसेरी की सीगन पहाड़ियों, भावावैली की ऊंची चोटियों में सुबह से ही बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया।

11 of 12
शिमला-सोलन में बारिश - फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश का यलो अलर्ट
राज्य में गुरुवार शाम 6:00 बजे तक 34 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। 24 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित चल रहे हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में 13 सितंबर के लिए भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई भागों में 18 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन

12 of 12
Delhi NCR Rain - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में तीन दिनों से बारिश का सिलसिला जारी
गुरुवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होने का सिलसिला शुक्रवार सुबह भी जारी रहा। इससे मौसम खुशनुमा हो गया है। हवाओं ने ठंड का अहसास कराया। सुहावने मौसम का लोगों ने भी जमकर लुत्फ उठाया। पर्यटन स्थलों पर लोग मस्ती करते नजर आए। दिल्ली-एनसीआर में अब भी रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे। साथ ही, तेज सतही हवाओं के साथ 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें