दिल्ली के सुल्तानपुरी में नए साल पर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। इस घटना को देश की सबसे बड़ी दुर्घटना कहा जा रहा है। शराब के नशे में चूर पांच युवक अपनी बलेनो कार से युवती को करीबन 13 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। युवती कार में फंसी रही। युवती की हालत यह हो गई कि उसकी सारी हड्डियां चकनाचूर हो गई और उसके तन पर एक भी कपड़ा नहीं बचा। पुलिस को युवती का शव जिस हालत में बरामद हुआ उसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए।
युवती के शरीर की शायद ही कोई ऐसी हड्डी बची हो जो न टूटी हो। एक पैर भी गायब था। दूसरा पैर पूरी तरह टूटकर घूम चुका था। पीठ में रगड़ लगने से शरीर में गड्ढा हो गया था। पीछे की ओर से शरीर के अंदरूनी अंग भी गायब थे। माना जा रहा है कि युवती के शव और उसके कपड़ों के हिस्से सुल्तानपुरी से जोंटी गांव तक फैल गए। घटना के बाद युवती के शव को करीब 13 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले जाने की अमानवीय घटना का सोमवार को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने घटना में शामिल पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।