jnu student protest
- फोटो : अमर उजाला
प्रदर्शन के चलते तीन मेट्रो स्टेशन बंद, दक्षिणी दिल्ली में जगह-जगह रूट डायवर्ट
जेएनयू छात्रों के प्रदर्शन के चलते मेट्रो से लेकर सड़कों तक आम लोग परेशान रहे। प्रदर्शनकारियों को संसद तक जाने को रोकने के लिए तीन मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए। वहीं, दक्षिणी दिल्ली में जगह-जगह रूट डायवर्ट करने से सरोजनी नगर, मुनिरका, भीकाजी कामा प्लेस, लीला होटल, धौला कुंआ, आउटर रिंग रोड एरिया में आम लोग तीन से चार घंटे तक जाम से जूझते रहे।
दिल्ली मेट्रो ने दिल्ली पुलिस की मांग पर केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन बंद कर दिये थे। इन स्टेशन में जाने और आने के रास्ते पूरी तरह से बंद रहे। हालांकि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन में इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध थी। उद्योग भवन व लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन के गेट बंद होने के साथ-साथ ट्रेन भी नहीं रुक रही थी। ट्रेन न रुकने और स्टेशन बंद होने के चलते दोपहर पौने एक बजे से शाम सवा पांच बजे तक यात्रियों को बेहद दिक्कत हुई। हालांकि ऑफिस समय समाप्त होने से पहले मेट्रो गेट खोल दिए गए थे।