गुरुग्राम के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अंग्रेजी का ज्ञान देने के साथ ही उन्हें समाज में व्याप्त बुराइयों के प्रति सचेत कर रही हैं शिक्षिका पूजा। पूजा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्जुन नगर में अंग्रेजी की शिक्षिका हैं। बच्चों को पढ़ाने के साथ ही कन्या भ्रूण हत्या, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने के लिए जागरूकता अभियान चला रही हैं।
फोनिक साउंड से सिखा रही अंग्रेजी
शिक्षिका पूजा ने बच्चों को अंग्रेजी सिखाने के लिए फोनिक साउंड का सहारा लिया है। फोनिक साउंड के जरिए बच्चे रोजाना शब्दों को लिखना, बोलना व पढ़ना सीख रहे हैं। पूजा बताती हैं कि फोनिक साउंड के जरिए बच्चों को किसी एक शब्द के कई उच्चारण बताए जाते हैं, इससे बच्चा जल्द ही अंग्रेजी के शब्दों को सीख लेता है। पूजा से अन्य शिक्षिकाएं भी इस साउंड के बारे में जानकारी ले रही हैं। पूजा बताती हैं कि बच्चों की अंग्रेजी कमजोर थी, जब से ऐसा किया गया, तबसे बच्चों की अंग्रेजी में काफी सुधार आया है।
गरीब बेटियों को बना रहीं रोजगार के लायक
रोजगार मिलने से व्यक्ति और उसके परिवार को तरक्की के रास्ते खुद मिल जाते हैं। ऐसे में रोजगार का अवसर देने के लिए पूजा करीब लड़कियों को एक संस्था के माध्यम से सिलाई का प्रशिक्षण दिला रही हैं। इनका उद्देश्य निरक्षर बेटियों को रोजगार के लायक बनाना है, जिससे वह लोग अपने परिवार के लिए तरक्की की सीढ़ी बन सकें। शिक्षिका पूजा को बचपन से ही जनसेवा में रुचि थी। इसी के तहत पूजा ने गरीब घर के बेटियों को रोजगार के लायक बनाने के लिए यह शुरुआत की है। इसके साथ ही स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को पानी बचाने, पर्यावरण संरक्षण, कन्या भ्रूण हत्या के बारे में जागरूक कर रही हैं।
झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को कर रहीं साक्षर
वह झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को भी पढ़ा रही हैं। इन बच्चों को प्राथमिक जानकारी देने के बाद इन्हें सेक्टर-5 स्थित सरकारी स्कूल में आगे की पढ़ाई के लिए दाखिला भी दिला रही हैं।
पिछले सत्र में पूजा ने करीब 20 बच्चों का दाखिला कराया। इस समय झुग्गी-झोपड़ी के करीब 60 बच्चों को शीतला माता मंदिर के पास पढ़ाने का काम कर रही हैं।