दिल्ली के हैदरपुर जल शोधन संयंत्र में सिक्किम पुलिस के तीन जवानों की हत्या करने वाला आरोपी लांस नायक प्रबीण राय की अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी उससे बात करना पसंद नहीं करती थी। बावजूद प्रबीण अपने साथ बैरक में मौजूद अन्य साथियों का फोन लेकर उससे बातचीत करने का प्रयास करता था।
अनजान नंबर से फोन करने पर वह कभी फोन उठा लेती थी, लेकिन प्रबीण का आवाज सुनते ही वह फोन रख देती थी। इन बातों को लेकर प्रबीण के साथी उससे हंसी मजाक करने लगे थे और सोमवार दोपहर भी साथियों ने उसके साथ मजाक किया और इसी मजाक की वजह से सभी को अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोपी ने अपने तीन साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद समयपुर बादली थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि पत्नी के बातचीत नहीं करने से वह काफी चिढ़चिढ़ा हो गया था और सोमवार को वह अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाया। मंगलवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में मृत पिंटो नामग्याल भूटिया, धनहांग सुब्बा और इंद्र लाल छेत्री के परिवार के सदस्य मंगलवार को दिल्ली नहीं आ पाए।
तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर उनके रिश्तेदार और सिक्किम पुलिस के अधिकारियों के हवाले कर दिया। वह शव को लेकर सिक्किम रवाना हो गए। सोमवार को हैदरपुर जल शोधन संयंत्र की सुरक्षा में तैनात लांस नायक प्रबीण राय ने अपने कमांडर पिंटो नामग्याल भूटिया, सिपाही धनहांग सुब्बा और इंद्र लाल छेत्री की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद वह थाने में जाकर आत्म समर्पण कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीनों उसके साथ काफी मजाक करते थे और अकसर आपत्तिजनक टिप्पणी करते थे। उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी उसके फोन से बात नहीं करती थी। अपनी पत्नी से बात करने के लिए वह अपने साथियों के फोन से बात करने की कोशिश करता था।
नंबर अलग होने की वजह से उसकी पत्नी फोन उठा लेती थी लेकिन प्रबीण की आवाज सुनते ही वह फोन काट देती थी। जिससे वह काफी परेशान था। सोमवार दोपहर उसने पत्नी को फोन करने का प्रयास किया और पत्नी के फोन काटने पर उसके एक साथी से आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस बात पर उसकी कहासुनी और हाथापाई हो गई। उसके बाद गुस्से में आकर उसने घटना को अंजाम दिया।
बैरेक में मौजूद थे पांच जवान, एक जवान भाग बचाई अपनी जान
जांच के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के समय बैरक में कुल पांच जवान तैनात थे। गंगटोक जिले के रुम्तेक साजोंग निवासी प्रबीण राय सिंतबर में ईआरबी में तैनात हुआ था। 9 अप्रैल से गंगटोक जिला के सुमित लिंगजे निवासी पिंटो नामग्याल भूटिया, पिछले साल 21 जनवरी से गेजिंग जिला के बड़ा थिंग निवासी इंद्रलाल छेत्री और 18 जून से पूर्वी सिक्किम के माछोंग लोसिंग निवासी धनहांग सुब्बा तैनात थे।
इसके अलावा घटनास्थल से जान बचाकर भागे पूर्व सिक्किम के नर्थ रिगू निवासी नर बहादुर गुरुंग पिछले 24 अप्रैल से यहां तैनात थे। आरोपी प्रबीण राय सितंबर 2021 से नई दिल्ली स्थित ईआरबी में तैनात हुआ था। मृतक पिंटो नामग्याल भूटिया तीन साल की दिल्ली स्थानांतरण के बाद इस साल नवंबर महीने में सिक्किम लौट रहे थे।
आरोपी के परिवार वालों से पुलिस करेगी पूछताछ
आरोपी की अपनी पत्नी से विवाद और इस तरह के व्यवहार को लेकर पुलिस उसके परिवार वालों से पूछताछ करेगी। पुलिस परिवार से जानने की कोशिश करेगी कि आखिर आरोपी का अपनी पत्नी से किस बात को लेकर विवाद था। साथ ही पुलिस परिवार से उसके व्यवहार के बारे में जानने की कोशिश करेगी।
हालांकि पुलिस के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि आरोपी मानसिक तौर पर ठीक है। घटना को लेकर पुलिस का मानना है कि आवेश में आकर उसने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है और छानबीन कर रही है। साथ ही पुलिस मौके से भागे सिपाही और वहां कार्यरत कर्मचारियों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।