गाजियाबाद के नासिरपुर गांव में मंगलवार (24 अगस्त) रात गोली लगने से घायल हुए प्रॉपर्टी डीलर देवेंद्र ने 12 घंटे बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनाव पैदा हो गया। वारदात को अंजाम देने वाले जगमाल और उसके दोनों बेटे फरार हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले किसी से विवाद होने के बाद पुलिस जगमाल के बेटे मोहित को पकड़कर ले गई थी। देवेंद्र ही उसे छुड़ाकर घर लाए थे। मोहित, उसके पिता व भाई ने उनकी हत्या कर दी।
अब उसी हत्यारोपी का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें उसने खुली धमकी दी है कि जो बोलेगा उसे मारेंगे। आरोपी ने इस ऑडियो में यह भी बोला है कि- मेरे पास पैसे की कमी नहीं है, पुलिस को भी देख लूंगा। इसके बाद से ही गुस्साए परिजन और मोहल्ले के लोग एसएसपी कार्यालय पर धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि- या तो पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार करे, अगर नहीं कर सकती तो पुलिस तो हमें ही गिरफ्तार कर ले। कम से कम जेल में सुरक्षित तो रहेंगे। नारिसपुर के लोग बैनर-तख्ती लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे हैं।