फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कल का मौसम: तीन दिन जलेगा दिल्ली-NCR, मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी; ठंड की तलाश में पहाड़ की तरफ भाग रहे लोग

Sun, 24 May 2026 07:53 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मौसम स्टेशनों पर रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। रिज और आयानगर स्टेशनों पर सबसे अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लोधी सड़क पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में 43.7 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 
विज्ञापन
1 of 12
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का जवान गर्मी से राहत पाने की कोशिश करता - फोटो : PTI
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मौसमी औसत से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी मौसमी औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।

विज्ञापन

2 of 12
गर्मी को हराने की कोशिश करता दुकान - फोटो : अमर उजाला
तीन दिन लू का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मौसम स्टेशनों पर रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। रिज और आयानगर स्टेशनों पर सबसे अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लोधी सड़क पर अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में 43.7 डिग्री सेल्सियस और सफदरजंग में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सामान्य से तापमान का अंतर 2.3 डिग्री सेल्सियस से 4.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें तेज सतही हवाएं और दोपहर व शाम को लू चलने की आशंका है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 44 और 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
विज्ञापन

3 of 12
दिल्ली में गर्मी से हाल बेहाल - फोटो : अमर उजाला
न्यूनतम तापमान और आर्द्रता
अधिकांश स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज में 27.2 डिग्री सेल्सियस और पालम में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी सड़क में 26.8 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 26.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। सामान्य न्यूनतम तापमान से अंतर माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस से प्लस दो डिग्री सेल्सियस तक रहा। दिन भर सापेक्ष आर्द्रता 37 फीसदी से 18 फीसदी के बीच रही।

4 of 12
दिल्ली में भीषण गर्मी और लू और चिलचिलाती धूप से आपने आप को बचते लोग अपने चेहरे और सिर को गमछे से ढं - फोटो : जी पाल
वायु गुणवत्ता की स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 205 रहा। सीपीसीबी के अनुसार शून्य से 50 तक एक्यूआई 'अच्छा' माना जाता है। 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम' और 201 से 300 'खराब' होता है। 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में आता है।
विज्ञापन

5 of 12
दिल्ली में भीषण गर्मी और लू और चिलचिलाती धूप से आपने आप को बचते लोग अपने चेहरे और सिर को गमछे से ढं - फोटो : जी पाल
राहत के लिए पहाड़ों की ओर दौड़े
दिल्ली में पड़ रही गर्मी ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान और उमस से परेशान लोग अब राहत की तलाश में उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत ठंडी जगहों का रुख कर रहे हैं। मसूरी, नैनीताल, मनाली और शिमला के साथ साथ हरिद्वार और ऋषिकेश भी लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।
विज्ञापन

6 of 12
दिल्ली में भीषण गर्मी और लू और चिलचिलाती धूप से आपने आप को बचते लोग अपने चेहरे और सिर को गमछे से ढं - फोटो : जी पाल
30 से 35 प्रतिशत बढ़ी बुकिंग
दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने बताया कि मार्च-अप्रैल के बाद बुकिंग में 30 से 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई हैं। साथ ही, लोग गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं।
विज्ञापन

7 of 12
दिल्ली में गर्मी से हाल बेहाल - फोटो : अमर उजाला
ऋषिकेश और हरिद्वार बने पहली पसंद
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार, इस बार केवल हिल स्टेशन ही नहीं बल्कि धार्मिक पर्यटन स्थलों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। हरिद्वार और ऋषिकेश में होटल और आश्रमों की बुकिंग लगातार बढ़ रही है। कई परिवार गर्मी से राहत के साथ आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव भी लेना चाहते हैं।

8 of 12
दिल्ली में गर्मी से हाल बेहाल - फोटो : PTI
दिल्ली की गर्मी अब सहन नहीं हो रही
नजफगढ़ निवासी अनंत अपने परिवार के साथ ऋषिकेश जाने की तैयारी कर रहें हैं। अनंत ने बताया कि दिल्ली की गर्मी अब सहन नहीं हो रही। बच्चों की छुट्टियां भी हैं, इसलिए हमने कुछ दिन ऋषिकेश में बिताने का फैसला किया है। वहां गंगा किनारे मौसम भी अच्छा रहता है और मन को शांति भी मिलती है। आरकेपुरम निवासी रोबिन ने बताया कि हम पहले विदेश घूमने की सोच रहे थे, लेकिन इस बार परिवार के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश जाने का प्लान बनाया। वहां जाकर गंगा आरती देखने और शांत माहौल में समय बिताने का अलग ही अनुभव होता है।

9 of 12
गर्मी से परेशान महिलाएं - फोटो : PTI
पहाड़ों में बढ़ी पर्यटकों की चहल-पहल
उत्तराखंड और हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में इस बार पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मसूरी की माल रोड, नैनीताल की झील और मनाली के बाजारों में बड़ी संख्या में पर्यटक नजर आ रहे हैं। होटल, कैफे और स्थानीय बाजारों में रौनक लौट आई है। मनाली घूमने जा रहे ओखला निवासी अभिषेक ने बताया कि दिल्ली में इतनी गर्मी है कि एसी में रहने के बाद भी राहत नहीं मिलती। पहाड़ों का मौसम और ठंडी हवा अलग ही सुकून देती है। वहीं, शादीपुर की रहने वाली अक्षिता ने बताया कि हम हर साल गर्मियों में पहाड़ों पर जाते हैं, लेकिन इस बार भीड़ पहले से कहीं ज्यादा दिखाई दे रही है। इस बार हम सभी को होटल पहले से बुक कराने पड़े।

10 of 12
दिल्ली में गर्मी से हाल बेहाल - फोटो : PTI
प्रधानमंत्री के आह्वान का दिख रहा असर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेश यात्रा न करने के आह्वान का असर घरेलू पर्यटन पर भी पड़ रहा है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, इस आह्वान का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। लोग कम बजट और कम समय में देश के भीतर बेहतर यात्रा अनुभव तलाश रहे हैं। उत्तराखंड, हिमाचल, कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ ऋषि जैन ने बताया कि घरेलू पर्यटन में बढ़ोतरी उत्तराखंड और हिमाचल की अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा संकेत है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है और छोटे कारोबारियों की आय भी बढ़ रही है।

11 of 12
गर्मी से परेशान युवतियां - फोटो : PTI
चारधाम यात्रा से भी बढ़ी भीड़
चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या और बढ़ गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार और ऋषिकेश से होकर चारधाम की यात्रा पर निकल रहे हैं। इससे होटल, टैक्सी और बस सेवाओं में भी जबरदस्त तेजी आई है। ट्रैवल एजेंट विवेक के मुताबिक, इस बार चारधाम यात्रा और गर्मी की छुट्टियां एक साथ पड़ने से पर्यटकों की संख्या अचानक बढ़ गई। लोग अब पहले से बुकिंग करा रहे हैं क्योंकि बाद में अच्छे होटल मिलना मुश्किल हो रहा है।
विज्ञापन

12 of 12
गर्मी से परेशान दिखे लोग - फोटो : अमर उजाला
लोगों से बातचीत
इस बार उत्तराखंड और हिमाचल के पैकेज की मांग अचानक बढ़ी है। खासकर ऋषिकेश, मसूरी और मनाली के लिए परिवार पहले से बुकिंग करा रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले लोगों की इस बार ज्यादा पूछताछ आ रही है। -(संजय सम्राट,अध्यक्ष,दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन)

वीकेंड ट्रिप का चलन तेजी से बढ़ा है। लोग विदेश जाने की बजाय अब हरिद्वार, नैनीताल और शिमला को चुन रहे हैं। अच्छे होटल जून तक लगभग फुल हो चुके हैं। 15 मई के बाद हमारे यहां बाहर जाने के लिए बुकिंग तेजी से बढ़ी है। -(दलजीत, ट्रैवल एजेंट)

दिल्ली की गर्मी से राहत पाने के लिए हमने परिवार के साथ ऋषिकेश जाने का प्लान बनाया है। बच्चों को भी पहाड़ का माहौल पसंद आता है। पहाड़ों का मौसम और ठंडी हवा अलग ही सुकून देती है। वहां जाकर हम लोग खूब मजे करेंगे। -(अर्पित, पालम)

दोस्तों के साथ बाइक से मनाली जा रहा हूं। दिल्ली की गर्म हवा से परेशान हो चुके हैं, इसलिए कुछ दिन ठंडे मौसम में बिताना चाहते हैं। यहां की गर्मी अब सहन नहीं हो रही है । -(क्रिश, सादिक नगर)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें