फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजुल हत्याकांडः कुछ मिनट पहले दोस्तों संग बना रहे थे घूमने का प्लान, घर आते ही ऐसे आई मौत

Wed, 18 Sep 2019 11:16 AM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
ज्योति नगर इलाके में कारोबारी राजुल सिंघल की घर के सामने गोली मारकर हत्या करने के बाद से उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता का रोते-रोते बुरा हाल है। सोमवार को जैसे ही परिवार को पता चला कि राजुल की मौत हो गई है, उनके घर में मातम छा गया। राजुल के परिवार ही नहीं उनके दोस्त और कर्मचारी भी उनकी मौत से सदमे में हैं। उनके दोस्तों का कहना है कि कुछ देर पहले तक राजुल उनके साथ थे और उन्होनें सोचा नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा....
विज्ञापन

2 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
परिवार के करीबी और राजुल के बचपन के दोस्त तरुण जैन ने बताया कि हत्या से चंद मिनटों पहले तक वह राजुल के साथ शोरूम पर थे। राजुल उनसे अन्य दोस्तों के साथ मसूरी घूमने चलने की बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान तरुण बलबीर नगर स्थित अपने घर की ओर निकल गए, जबकि राजुल स्कूटी से अपने घर। इसके चंद मिनटों बाद ही उनके साथ वारदात हो गई।
विज्ञापन

3 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद राजुल का शव परिवार के हवाले कर दिया। बाद में निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोस्त तरुण ने बताया कि राजुल के पिता मंगलसेन सिंघल मंडोला, लोनी में अपना राधेलाल मेमोरियल स्कूल चलाते हैं। राजुल के बड़े भाई अमित सिंघल और भाभी दोनों डॉक्टर हैं। छोटा भाई अनुज इंजीनियर होने के साथ ही बिल्डर है।

4 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
राजुल की बेटी मुस्कान निजी कॉलेज में बीबीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है, जबकि बेटा ओम सिंह 11वीं क्लास में पढ़ता है। तरुण ने बताया कि राजुल बेहद शांत स्वभाव के थे। अपने कर्मचारियों के साथ वह हर समय खड़े रहते थे। राजुल की मौत से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि दोस्त व कर्मचारी भी गमगीन हैं। तरुण ने बताया कि रात 8.30 बजे वह राजुल के साथ शोरूम पर मौजूद था। उसके साथ रॉमी नामक दूसरा दोस्त भी था। राजुल बता रहे थे कि कंपनी की ओर से मसूरी का टूर आया हुआ है। राजुल सभी दोस्तों से चलने के लिए कह रहे थे।
विज्ञापन

5 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में सोमवार रात घर के सामने लूटपाट का विरोध करने पर एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त राजुल सिंघल (45) के रूप में हुई। वारदात के समय राजुल अपने शोरूम से स्कूटी पर घर लौट रहे थे। इस बीच बाइक सवारों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया। गुत्थम-गुत्थी होने पर बदमाशों ने पीछे की ओर से उनके कंधे पर सटाकर गोली मार दी।
विज्ञापन

6 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन राजुल को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की मानें तो घटनास्थल से राजुल की स्कूटी, बैग और मोबाइल बरामद हुए हैं। वहीं परिजनों का कहना है कि राजुल की सोने की चेन गायब है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, उसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन

7 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक, राजुल सिंघल परिवार के साथ बी-50, ईस्ट ज्योति नगर में रहते थे। परिवार में पिता मंगलसेन सिंघल, मां मिथिलेश, पत्नी शिवानी, बेटी मुस्कान, बेटा ओम सिंह और दो भाई अमित और अनुज हैं। राजुल का ईस्ट ऑफ लोनी रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स का शोरूम है। राजुल के शोरूम पर छह कर्मचारी काम करते हैं। रोज रात नौ बजे शोरूम बंद करवाकर राजुल स्कूटी से घर लौट जाते थे। सोमवार रात को भी ऐसा ही हुआ। राजुल ने शोरूम बंद करवाया और स्कूटी से घर लौट गए। अभी वह घर के सामने पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उनको रोक लिया और लूटपाट का प्रयास करने लगे। राजुल ने विरोध किया तो बदमाश उनसे गुत्थम-गुत्थी करने लगे। इस बीच उनकी स्कूटी भी घर के गेट से टकरा गई।
विज्ञापन

8 of 8
rajul murder case - फोटो : अमर उजाला
पकड़े जाने के डर से एक बदमाश ने राजुल के कंधे पर पीछे की ओर से सटाकर गोली चला दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। राजुल ने चिल्लाकर परिजनों को आवाज दी, तो बेटी मुस्कान बाहर आई। उसने देखा कि पिता जमीन पर गिरे पड़े थे। उसने बाकी परिवार को बुलाया। परिजनों को समझ नहीं आया कि राजुल को गोली लगी है या कुछ और हुआ है। फौरन परिवार उन्हें अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि राजुल के पास से उनका बैग (जिसमें दो लाख रुपये थे) मौके से बरामद हुआ है। उनका मोबाइल भी उनके पास से मिला है। बदमाशों ने उन पर हमला क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों के लूटपाट के आरोप की भी छानबीन की जा रही है।
 

पुलिस को मामले में दो कॉल मिली थी। पहली कॉल 10.15 बजे मिली, जिसमें कारोबारी को हार्ट अटैक की बात की कही गई थी, दूसरी कॉल 11.30 बजे शांति मुकुंद अस्पताल से गोली लगने की मिली। बाइक सवार दो बदमाशों ने गुत्थम-गुत्थी होने के बाद राजुल को गोली मारी। हत्या लूटपाट के लिए हुई या उसके कुछ और कारण हैं, इसकी छानबीन की जा रही है। -वेद प्रकाश सूर्या, उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें