अपहरण कर MMS बनाने वाले सिरफिरे आशिक को पकड़ने के लिए पुलिस ने बनाया खास प्लान
Tue, 12 Apr 2016 06:54 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
सार
युवती को परेशान करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार
अपहरण कर बनाया था एमएमएस, वायरल करने की दे रहा था धमकी
कई महीने से कर रहा था परेशान, सिविल ड्रेस में पुलिस ने की कार्रवाई
कई महीनों से युवती को परेशान कर रहे शादीशुदा व्यक्ति को पुलिस ने एलजी गोलचक्कर के पास से धर दबोचा। आरोपी युवती का अपहरण कर उसका एमएमएस बना चुका था और उसे वायरल करने की धमकी दे रहा था।
महिला शक्ति सामाजिक उत्थान मंडल की शिकायत पर एसपी देहात के निर्देश पर सिविल ड्रेस में पहुंची सूरजपुर पुलिस ने युवक को पकड़कर कार्रवाई की।
संगठन की अध्यक्ष रूपा गुप्ता ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाली युवती का पिछले कई महीनों से एक व्यक्ति पीछा कर रहा था। युवती की 28 अप्रैल को शादी होनी है।
शादी होने की जानकारी से क्षुब्ध व्यक्ति युवती के घर वालों को फोन कर धमकाने लगा था। आरोप है कि कुछ दिन पहले काम से लौट रही युवती का अपहरण कर घर ले गया। वहां उसका एमएमएस बनाया।
एमएमएस इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दे रहा था। उसने युवती को सोमवार को एलजी गोलचक्कर पर मिलने के लिए बुलाया था। युवती ने इसकी जानकारी महिला शक्ति सामाजिक उत्थान मंडल से की। संगठन की अध्यक्ष ने घटना की जानकारी एसपी देहात से की।
एसपी देहात अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर सिविल ड्रेस में पुलिस को भेजा। युवती को भी वहां बुला लिया गया था। युवक जैसे ही मिलने एलजी चौक पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया।
उसके खिलाफ छेड़छाड़ और ब्लैकमेल करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। युवक की पहचान हसरत खान पुत्र बाबू खान निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है।