87वें वायु सेना दिवस के मौके पर मंगलवार को गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस में वायुयोद्धाओं ने जमीन से लेकर आसमान तक अपने साहस और शौर्य का परचम लहराया। हवा में कलाबाजियां करते विमानों को देख पूरा सभास्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान चिनूक, अपाचे, विंटेज, डकोटा, हरक्यूलिस, सुखोई और मिग विमानों की करतब ने देश का दिल जीत लिया। वैसे तो कार्यक्रम का प्रत्येक क्षण रोमांचक था, लेकिन विमानों के प्रदर्शन के दौरान बालाकोट एयर स्ट्राइक में अपने अदम्य साहस का प्रमाण देने वाले विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान जब मिग-21 को उड़ाते हुए पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया।