फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मकान, मलबा और मौतें: एक ही परिवार के छह लोगों की गई जान, 35 गज की इमारत में चार फ्लोर; बिल्डिंग में थे 10 लोग

Sat, 12 Jul 2025 08:50 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ह्यूमन चेन बनाकर मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर मकान गिरने से पड़ोस के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलबा हटाने के दौरान उनके भी गिरने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बेहद सावधानी से मलबा हटाया जा रहा है। हादसे वाली जगह पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन
1 of 10
दिल्ली में इमारत गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत - फोटो : अमर उजाला
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम स्थित जनता कालोनी में शनिवार सुबह एक चार मंजिला इमारत भरभराकर जमींदोज हो गई। हादसे में इमारत के मुखिया और उनकी पत्नी समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई जबकि पड़ोसियों समेत कुल आठ लोग जख्मी हो गए। दुर्घटना के समय बिल्डिंग में करीब 10 लोग मौजूद थे।
विज्ञापन

2 of 10
वेलकम में गिरी इमारत - फोटो : PTI
आवाज सुन मदद को भागे पड़ोसी
सुबह इमारत गिरने की आवाज सुनते ही पड़ोसी मदद को भागे। हादसे वाली बिल्डिंग से तुरंत ही एक मासूम समेत चार लोगों और पड़ोस के एक अन्य मकान से चार और लोगों को निकालकर निजी वाहनों से जब प्रवेश चंद्र अस्पताल भेजा गया। बाद में मासूम समेत चार घायलों को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन

3 of 10
लाशों को बाहर निकालती टीम - फोटो : अमर उजाला
महज चार फीट चौड़ी थी गली
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, नगर निगम समेत अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गया। जिस जगह इमारत गिरी वह गली महज चार फीट चौड़ी बताई जा रही है। ऐसे में वहां पर राहत और बचाव कार्य करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

4 of 10
इलाके की हुई घेराबंदी - फोटो : अमर उजाला
पूरे एरिया की गई घेराबंदी
ह्यूमन चेन बनाकर मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर मकान गिरने से पड़ोस के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मलबा हटाने के दौरान उनके भी गिरने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बेहद सावधानी से मलबा हटाया जा रहा है। हादसे वाली जगह पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेस्क्यू के काम को देखते हुए पुलिस ने पूरे एरिया की घेराबंदी की हुई है। हादसे की खबर मिलने के बाद दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आप के पूर्व मंत्री गोपाल राय हालात का जायजा लेने पहुंचे।
विज्ञापन

5 of 10
पड़ोसी अपने अपने घर से देखते हुए - फोटो : अमर उजाला
35 गज की एल- शेप में थी इमारत
जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7.04 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि ए-ब्लॉक, गली नंबर-5, जनता कॉलोनी वेलकम में एक चार मंजिला इमारत गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा बाकी बचाव दल व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। यहां करीब 35 गज, एल-शेप की चार मंजिला इमारत गिरी थी।
विज्ञापन

6 of 10
परिजन - फोटो : अमर उजाला
इमारत में चलता था आंगनबाड़ी केंद्र
इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आंगनबाड़ी केंद्र चलाया जाता था जबकि ऊपर की मंजिल पर अब्दुल मतलूब, उनकी पत्नी राबिया परवीन, उनके चार बेटे परवेज उर्फ शानू, जावेद, नावेद, अब्दुल्लाह उर्फ भूरा, शानू की पत्नी शीजा, दो साल का बेटा अहमद और मतलूब की शादीशुदा बेटी जूबिया उर्फ सोनी अपनी दो साल की बेटी फौजिया उर्फ फौजी के साथ रहते थे।
विज्ञापन

7 of 10
गमगीन परिजन - फोटो : अमर उजाला
हर फ्लोर पर मौजूद थे 10 लोग
हादसे के समय इमारत की अलग-अलग फ्लोर पर करीब 10 लोग मौजूद थे। इमारत गिरी तो ऊपरी मंजिल पर मौजूद परवेज उर्फ शानू, उसकी पत्नी शीजा, बेटे अहमद और नावेद को तुरंत ही मलबे से निकाल लिया गया। इमारत गिरने से पड़ोसी के मकान पर मलबा गिरा तो वहां गोविंद, उसकी पत्नी दीपा, बेटी ज्योति और दामाद रवि कश्यप भी जख्मी हो गए।

8 of 10
गमगीन परिजन - फोटो : अमर उजाला
लोग बोले- बचाव दल धीमी गति से कर रहा काम
फिलहाल देर शाम तक राहत और बचाव कार्य जारी थी। रेस्क्यू टीमों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए एरिया में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बचाव दल देर से पहुंचा और वह मौके पर बेहद धीमी गति से काम कर रहा है।

9 of 10
पूछताछ करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
पुलिस का बयान
फिलहाल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है, इमारत कैसे गिरी इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और बचाव दल की प्राथमिकता मौके पर रेस्क्यू का काम पूरा करना है। छानबीन के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आशीष मिश्रा, उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त
विज्ञापन

10 of 10
रेस्क्यू टीम के पसीने छूट गए - फोटो : अमर उजाला
मृतकों की लिस्ट...
. अब्दुल मतलूब (55)
. राबिया परवीन (52)
. जावेद (23) (बेटा)
. अब्दुल्लाह उर्फ भूरा (15) (बेटा)
. जूबिया उर्फ सोनी (30) (बेटी)
. फौजिया उर्फ फौजी (2) (जूबिया की बेटी)

घायलों की लिस्ट...
. नावेद (19) (बेटा)
. परवेज उर्फ शानू (32)(बेटा)
. शीजा (25) (परवेज की पत्नी)
. अहमद (2)(परवेज का बेटा)
. गोविंद (60)(पड़ोसी)
. दीपा (56) (गोविंद की पत्नी)
. ज्योति (27) (गोविंद की बेटी)
. रवि कश्यप (27) (ज्योति का पति)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें