पर्यटकों से भरी एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। गाजियाबाद व दिल्ली के पर्यटकों की कार विकासनगर से चकराता जा रही थी। हादसा साहिया से तीन किलोमीटर पहले हुआ। घटना शुक्रवार रात साढ़े 11 बजे की है। वहीं, पुलिस को सात घंटे बाद दुर्घटना की सूचना मिलने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
शनिवार की सुबह लगभग पौने सात बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से कालसी पुलिस को सूचना मिली कि साहिया से तीन किलोमीटर पहले एक कार खाई में गिर गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने बचाव अभियान चलाकर खाई से मृतकों व घायल को बाहर निकाला।
थाना प्रभारी रविंद्र नेगी ने बताया कि दुर्घटना में मरने वालों की शिनाख्त ऋषभ जैन (27) पुत्र अतुल जैन निवासी पंचवटी कॉलोनी, गाजियाबाद, सूरज कश्यप (27) पुत्र जयपाल निवासी ग्राम दुहाई, गाजियाबाद व लवलीना वर्मा (40) पत्नी निशांत वर्मा निवासी छोटा बाजार शाहदरा, दिल्ली के रूप में हुई है। इसके अलावा घायल व्यक्ति ज्ञानेंद्र सैनी (48) पुत्र नरपत सिंह निवासी मालीवाला, गाजियाबाद है।