विजिलेंस ने प्रबंध निदेशक के खिलाफ साक्ष्य संकलन का कार्य शुरू कर दिया है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि खुली जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक दीपक कुमार का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति की शिकायतों में कोई सच्चाई नहीं है। वह हर जांच का सामना करने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी बैंक का एमडी बनने के बाद से कुछ लोग उनके खिलाफ साजिश के तहत अनर्गल शिकायत करने में लगे हैं।
राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक के पद पर दीपक कुमार की नियुक्ति भी सवालाें के घेरे में है। जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक काडर से राज्य सहकारी बैंक में प्रतिनियुक्ति पर आए दीपक कुमार को राज्य सहकारी बैंक का प्रबंध निदेशक बनाया गया था। शिकायतों के बीच शासन ने सहकारिता सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम से जांच कराई तो खुलासा हुआ कि उनकी नियुक्ति में कई तरह की अनियमितताएं बरती गई हैं। आरोप है कि दीपक कुमार की नियुक्ति की फाइल अनुमोदन को न तो मंत्री और न ही मुख्यमंत्री के पास भेजी गई। सचिव सहकारिता ने एमडी की नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की सिफारिश शासन से की थी।