उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बीते दो दिन से मौसम खराब बना हुआ था। दो दिनों तक बदरीनाथ धाम सहित अन्य ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई, जिससे ठंड फिर से बढ़ गई है।
दो दिवसीय भ्रमण कर लौटे रुद्रप्रयाग के डीएम ने बताया कि केदारनाथ में करीब चार इंच बर्फ जमा है। वहीं, बदरीनाथ में सात इंच और औली में चार इंच ताजी बर्फ जमी है, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब एक फुट बर्फ जमी है। यहां पहले से चार फुट बर्फ जमी हुई है।
यह भी पढ़ें... उत्तराखंडः मार्च के महीने में ऊंची चोटियों पर हुई भारी बर्फबारी, तस्वीरों में देखें बर्फ से ढकीं वादियां
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते राजधानी दून समेत राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज अगले चार दिनों तक बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अगले चार दिन तक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत राज्य के कई जिलों में खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई है कि ओलावृष्टि के साथ कई इलाकों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते सोमवार को भी राजधानी दून व आसपास के इलाकों में हल्के बादल छाए रहे।