उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली और उत्तराखंड की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। मंगलवार देर रात देहरादून में आंधी के साथ बारिश हुई। बदरीनाथ, गंगोत्री, हेमकुंड सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई है। मंगलवार देर रात हुई बारिश से जंगलों की आग बुझ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक बुधवार को राज्य के अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 3200 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में ओलावृष्टि व आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को चमोली जिले में अचानक मौसम ने करवट बदली और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद तेज हवाएं चलने से लोगों को धुंध से कुछ राहत मिली। सोमवार रात और मंगलवार को सुबह जोशीमठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी समेत अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम में ठंडक आ गई है। मसूरी में मंगलवार देर रात को बारिश हुई। जिससे मौसम में हल्की ठंड लौट आई है। डोईवाला में बादल छाए हैं, मौसम में कुछ ठंडक है। ऋषिकेश में भी बदल छाए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। रायवाला में मौसम गुमसुम है। हरिद्वार में बादल लगे हैं।