मसूरी, धनोल्टी सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को ऐसी ओलावृष्टि हुई की मानो चारों ओर बर्फ बिछ गई हो। धनोल्टी और मसूरी ओलों से पूरी तरह से सफेद हो गए। दोनों शहरों में बर्फ की तरह ओलावृष्टि हुई है, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड हो गई है। साथ ही भारी ओलावृष्टि से फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। पर्यटन नगरी धनोल्टी में दूसरे दिन भी बर्फ की तरह ओलावृष्टि हुई है। पूरा धनोल्टी ओलों से सफेद हो गया है। धनोल्टी में करीब तीन इंच तक ओला पङे है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है। धनोल्टी व्यापार मंडल अध्यक्ष रघुवीर रमोला ने बताया कि धनोल्टी में दो दिनों से लगातार भारी ओलावृष्टि हो रही है। बताया कि धनोल्टी क्षेत्र के आसपास सेब के बगीचों को ओले पड़ने से नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई करने की मांग की है। वहीं, मसूरी भी ओलों की सफेद चादर से ढक गया है। राजधानी दून समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को तड़के बारिश के साथ ही ओले पड़ने से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और मौसम का ये मिजाज राज्यभर में शुक्रवार को भी जारी रहा।